Shashi Tharoor: महिलाओं के प्रति कांग्रेस की सोच आ गई समाने ! थरूर के ट्वीट पर भाजपा ने बोला हमला
Shashi Tharoor लोकसभा में महिला सांसदों के साथ कांग्रेस सांसद शशि थरूर के ट्वीट को लेकर राजनीति तेज हो गई है। झारखंड भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि थरूर ने कांग्रेस की सोच को सामने ला दिया है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। लोकसभा में महिला सांसदों के साथ कांग्रेस सांसद शशि थरूर की तस्वीर वाला ट्वीट वायरल हो रहा है। तस्वीर के साथ शशि थरून ने जो कैप्शन दिया है, वह महिलाओं के लिए आपत्तिजनक है। इसे लेकर देशभर में राजनीति शुरू हो गई है। हालांकि कांग्रेस सांसद थरूर ने माफी भी मांग ली है। इसके बावजूद भाजपा को कांग्रेस को घेरने के लिए एक हथियार मिल गया है। झारखंड भाजपा के नेताओं ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है। झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य और धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने तो साफ कहा है कि थरूर ने महिलाओं के प्रति कांग्रेस की सोच को सामने ला दिया है।
Who says the Lok Sabha isn’t an attractive place to work? With six of my fellow MPs this morning: @supriya_sule @preneet_kaur @ThamizhachiTh @mimichakraborty @nusratchirps @JothimaniMP pic.twitter.com/JNFRC2QIq1
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) November 29, 2021
क्या है थरूर का ट्वीट
TMC की सांसद मिमी चक्रवर्ती ने यह फोटो ली थी जो थरूर ने पोस्ट की। फोटो में TMC की ही नुसरत जहां, कांग्रेस की प्रिनीत कौर और ज्योतिमणि, DMK की सुमति और NCP की सुप्रिया सुले नजर आ रही हैं। थरूर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'कौन कहता है कि लोकसभा काम करने की एक आकर्षक जगह नहीं है? (Who says the Lok Sabha isn’t an attractive place to work?) आज सुबह अपने छह साथी सांसदों के साथ...'
हंगामा तो होना ही था, महिलाओं के खिलाफ जो ट्वीट
थरूर के ट्वीट की भाषा कई लोगों को पसंद नहीं आई। खासतौर से 'आकर्षक' शब्द के इस्तेमाल पर काफी यूजर्स आपत्ति जता रहे हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने लिखा कि 'आप संसद में उनके (महिला सांसदों) योगदान का अपमान कर रहे हैं। 'एक यूजर ने लिखा, 'महिला नेताओं के साथ कैप्शन में लिखा है 'काम करने की खूबसूरत जगह'। एक जनप्रतिनिधि को संसद तब आकर्षक लगता है जब उसमें महिलाएं हों। यही तो विपक्ष है।'
ट्वीट कर थरूर ने कहा-आइएम सारी
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद थरूर ने माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि सेल्फी मजाकिया अंदाज में ली गई थी और उन्होंने (महिला सांसदों) ने मुझसे उसी अंदाज में ट्वीट करने को कहा था। आई एम सॉरी अगर कुछ लोगों को बुरा लगा हो लेकिन मैं वर्कप्लेस पर ऐसे मेल-मिलाप के प्रदर्शन में शामिल होकर खुश था। बस इतनी सी बात है।'
अपर्णा ने कहा-कांग्रेस और उसके नेताओं को शर्म नहीं
झारखंड प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष निरसा की विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने भी थरूर के ट्वीट को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा-कांग्रेस की सोच महिलाओं के प्रति कभी अच्छी नहीं रही है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के ट्वीट के बाद कुछ कहने-बोलने के लिए बचा नहीं है। वे महिलाओं के प्रति ओछी टिप्पणी पहले भी करते रहे हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए। थरूर को तुरंत कांग्रेस से बाहर कर देना चाहिए।