West Bengal Chunav 2021: भाजपा ने सीमावर्ती इलाकों में बाबूलाल को साैंपा जिम्मा, आदिवासी मतदाताओं को साधेंगे

बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के लोग लोकतंत्र व अपने अधिकार को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लोग जानते हैं कि लोकतंत्र की सुरक्षा भाजपा के सिवा और कोई नहीं कर सकता है। इसलिए लोगों का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ रहा है।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 10:58 AM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 11:20 AM (IST)
West Bengal Chunav 2021: भाजपा ने सीमावर्ती इलाकों में बाबूलाल को साैंपा जिम्मा, आदिवासी मतदाताओं को साधेंगे
पश्चिम बंगाल के रायगंज में भाजपा की सभा को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ( फाइल फोटो)।

पाकुड़, जेएनएन। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2021 को लेकर वहां सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और प्रतिपक्ष भाजपा के बीच संग्राम छिड़ा हुआ है। टीएमसी को सत्ता से बेदखल कर भाजपा सत्ता प्राप्त करने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। इस कोशिश में झारखंड के भाजपा नेताओं को भी लगाया जा रहा है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को भी भाजपा ने पश्चिम बंगाल के चुनाव में लगा रखा है। आदिवासी मतदाताओं को साधने के लिए मरांडी को आगे किया गया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में अपना अभियान शुरू भी कर दिया है। वहां से चुनाव प्रचार कर लाैटे मरांडी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया है। 

पश्चिम बंगाल के रायगंज में चुनावी सभा के बाद लाैटे बाबूलाल मरांडी ने पाकुड़ परिसदन में कहा कि पश्चिम बंगाल से ममता सरकार का जाना लगभग तय है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कहा कि एक सभा में शामिल होने बंगाल के रायगंज गया था। इसी कार्यक्रम में टीएमसी सरकार की मंत्री कृष्णा कल्याणी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुई। सत्ताधारी पार्टी टीएमसी के मंत्री, विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में टीएमसी की स्थिति क्या होगी। बंगाल की स्थिति काफी भयावह है। बंगाल में ममता की सरकार लोकतंत्र को समाप्त कर वहां के लोगों का अधिकार छीनना चाहती है।

मरांडी ने कहा कि बंगाल के लोग लोकतंत्र व अपने अधिकार को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बंगाल के लोग जानते हैं कि लोकतंत्र की सुरक्षा भाजपा के सिवा और कोई नहीं कर सकता है। इसलिए लोगों का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत के कण-कण में राम-कृष्ण है, उनका नाम लेते ही लोगों में ऊर्जा भर जाती है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों में सुनने की शक्ति कम हो गई है, जो भारत के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में जिस प्रकार टीएमसी के लोग भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर रहे है, इससे साफ प्रतीत हो रहा है बंगाल में लोकतंत्र समाप्त हो गई है। हेमंत सरकार पर हमला बोलते हुए बाबूलाल ने कहा कि सरकार गोड्डा की मेडिकल छात्रा की हत्या मामले में अपनी नाकामी को छुपा रही है। गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे व भाजपा के पूर्व मंत्री को एक षड्यंत्र के तहत फंसा रही है। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता मिसफीका हसन, जिलाध्यक्ष बलराम दुबे, प्रवीण सिंह माैजूद थे।

chat bot
आपका साथी