Dumka Byelection 2020: बाबूलाल ने सोरेन परिवार को बताया बाहरी, दुमका में वंशवाद की राजनीति खत्म करने का किया आह्वान

Dumka Byelection 2020 भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने मसिलया प्रखंड के कई गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने झामुमो पर जोरदार प्रहार करते हुए वंशवाद की राजनीति खत्म करने का आह्वान किया। कहा कि झामुमो एक परिवार की पार्टी है।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Sun, 18 Oct 2020 07:04 PM (IST) Updated:Sun, 18 Oct 2020 07:04 PM (IST)
Dumka Byelection 2020: बाबूलाल ने सोरेन परिवार को बताया बाहरी, दुमका में वंशवाद की राजनीति खत्म करने का किया आह्वान
मसिलया प्रखंड के हथियापाथर गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी।

दुमका, जेएनएन। Dumka Byelection 2020: दुमका विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी के पक्ष में मतदाताओं को गोलबंद करने के लिए रविवार को भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने मसिलया प्रखंड के कई गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मतदाताओं से झामुमो पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि वंशवाद की राजनीति खत्म करने का आह्वान किया। कहा कि झामुमो एक परिवार की पार्टी है, जिसमें शिबू सोरेन, उनके पुत्र स्व. दुर्गा सोरन, पुत्रवधू सीता सोरेन, हेमंत सोरेन और अब बसंत सोरेन इस क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोरेन परिवार संतालपरगना को अपनी जागीर समझ लिया है, जबकि ये लोग बोकारो के निवासी हैं। सोरेन परिवार बोकारो में चुनाव नहीं लड़कर संतालपरगना के भोले-भाले मतदाताओं को झूठा आश्वासन देकर चुनाव जीतते आ रहे हैं। इसलिए इस बार दुमका विधानसभा क्षेत्र की जनता के पास मौका है कि वे भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी को जीताकर सोरेन परिवार को उनके गृह जिला बोकारो खदेड़ने का काम करें।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार के 10 माह के शासनकाल में सिर्फ कोयला व बालू की तस्करी हुई है। सरकार हर मोर्चे पर विफल है। सूबे में स्वास्थ्य सेवाओं की बदतर हालत है। उन्होंने लोगों से दावा करते हुए कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए भाजपा सबसे भरोसेमंद विकल्प है। नरेंद्र मोदी की सरकार ने कोविड-19 संक्रमण काल में किसानों को सम्मान निधि, गरीब, मजदूरों को निश्शुल्क राशन, महिलाओं को एकमुश्त तीन माह की सहयोग राशि, तीन महीने तक मुफ्त गैस सिलेंडर देकर राहत देने का काम किया है।

इस दौरान दुमका के सांसद सुनील सोरेन ने हेमंत सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में अराजक स्थिति है। विधि-व्यवस्था चौपट हो गई है। बहू-बेटियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटनाएं आए दिन हो रही है। कहा कि सरकार को गद्दी से उतारने के लिए भाजपा की प्रत्याशी को वोट दें। रविवार को बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में हथियापाथर, फतेहपुर, केंदुआटांड़, सोनवाडीह, वृंदाबनी, बड़ा चांदना, बेदियाचक समेत कई गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, सुरेश मुर्मू, अशोक बड़ाइक, निवास मंडल, परितोष सोरेन, मुकेश अग्रवाल समेत कई भाजपाई मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी