Dumka Assembly Bylection: पूर्व मुख्यमंत्री ने उपचुनाव के बाद हेमंत सरकार के पतन का किया दावा, महागठबंधन को बताया झारखंड विरोधी

अपने मुख्यमंत्रित्व काल के 28 महीने के शासन में विकास के कार्यों को गिनाते हुए बाबूलाल ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में ही समग्र विकास संभव है। हेमंत सरकार के नौ माह के शासनकाल में केवल बालू एवं कोयला बेचकर अपनी तिजोरी भरने का काम किया गया है।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 04:41 PM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 04:41 PM (IST)
Dumka Assembly Bylection: पूर्व मुख्यमंत्री ने उपचुनाव के बाद हेमंत सरकार के पतन का किया दावा, महागठबंधन को बताया झारखंड विरोधी
दुमका विधानसभा के मसलिया में चुनावी जनसभा को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी।

दुमका, जेएनएन। Dumka Assembly Bylection भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन पर अलग राज्य के नाम पर कांग्रेस से पैसे लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि झामुमो कभी नहीं चाहता था कि झारखंड अलग राज्य बने l उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य का गठन एनडीए के शासनकाल में पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। झारखंड में झामुमो के हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकर चल रही है। यह महागठबंधन झारखंड विरोधी है। यह झारखंड का विकास नहीं चाहता है। 

दुमका में भाजपा की जीत के साथ हेमंत सरकार का होगा पतन

बाबूलाल मंगलवार को दुमका विधानसभा क्षेत्र के मसलिया प्रखंड के हरोरायडीह गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि अलग राज्य का विरोध करने वाली कांग्रेस और राजद के साथ झामुमो का महागठबंधन है। बाबूलाल ने कहा कि दुमका विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा के पक्ष में वोट करने का मन बना चुकी है और यहीं से जीत के बाद झामुमो सरकार का पतन होना शुरू हो जाएगा । कहा कि दुमका विधानसभा उपचुनाव में शिबू सोरेन के छोटे पुत्र बसंत सोरेन विधायक बनने के लिए चुनाव के मैदान में खड़े है। सोरेन परिवार में दम है तो अपने गृह जिला में चुनाव जीतकर दिखाए। कहा कि सोरेन परिवार से संताल परगना से मुक्ति दिलाने के लिए भाजापा की प्रत्याशी डॉ.लुइस मरांडी के पक्ष में मतदान करें।

मरांडी ने अपने 28 महीने के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धि

अपने मुख्यमंत्रित्व काल के 28 महीने के शासन में विकास के कार्यों को गिनाते हुए बाबूलाल ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में ही समग्र विकास संभव है। हेमंत सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि नौ माह के शासनकाल में केवल बालू एवं कोयला बेचकर अपनी तिजोरी भरने का काम किया गया है। सरकार के निकम्मेपन के कारण स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में बदहाली है। कहा कि आज झारखंड में मां, बेटियां, बहनें असुरक्षित हैं। नौ महीने के दौरान प्रत्येक दिन पांच दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। राज्य में बिचौलिया, भ्रष्टारियों, अपराधियों का बोलबाला है। इस मौके पर बाबूलाल मरांडी के समक्ष अन्य पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा। बाबूलाल ने हरोरायडीह के अलावा चितरसनी, बेलियाजोर, गोड़मल्ला, हथियापथर, कुसुमघट्टा समेत कई गांवों में जनसभा को संबांधित किया। मौके पर सुनील कुमार हांसदा, अर्जुन मरांडी, बीरेंद्र हांसदा, दिनेश दत्त, निर्मला टुडू, सुभाष दास, अक्षय दास, उज्जवल नंदी, गिरिधारी पंडित, उत्तम चौधरी, राजेश नंदी, संजय मंडल समेत कई मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी