Dhanbad Weather Forecast: बंगाल में लो प्रेशर से हो रही बारिश, अभी ऐसा ही रहेगा माैसम का हाल

Dhanbad Weather Forecast धनबाद में पहले जहां मध्य प्रदेश के लो प्रेशर से मौसम का मिजाज बदल रहा था। अब पश्चिम बंगाल में बने लो प्रेशर से धनबाद का मौसम प्रभावित हो रहा है। पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय इलाके में लो प्रेशर बना हुआ है।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 07:48 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 08:10 AM (IST)
Dhanbad Weather Forecast: बंगाल में लो प्रेशर से हो रही बारिश, अभी ऐसा ही रहेगा माैसम का हाल
बारिश से धनबाद की सड़कों पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। दो-तीन दिनों से पहाड़ी इलाकों जैसा धनबाद और आसपास का माैसम बना हुआ है। अचानक झमाझम बारिश हो जाती है। फिर बारिश थम जाती है। कभी आसमान से फुहानें गिरती हैं। ऐसा ही हाल बुधवार सुबह से भी बना हुआ है। आसमान में रोशनी कम है। मंगलवार को सुबह से धूप छांव की स्थिति बने रहने के बाद दोपहर से मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। दोपहर बाद बारिश थम गई।आसमान से फिर हल्की फुहारें बरसी। देर रात से थम थम कर बारिश शुरू हो गई। बुधवार को भी बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश की वजह पश्चिम बंगाल में लो प्रेशर

धनबाद में पहले जहां मध्य प्रदेश के लो प्रेशर से मौसम का मिजाज बदल रहा था। अब पश्चिम बंगाल में बने लो प्रेशर से धनबाद का मौसम प्रभावित हो रहा है। पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय इलाके में लो प्रेशर बना हुआ है। इसके साथ ही राजस्थान से झारखंड तक मानसूनी बादलों की श्रृंखला बनी हुई है जो लो प्रेशर की ओर जा रहे हैं। लो प्रेशर की ओर जाने वाले बादलों से ही धनबाद और आसपास के मौसम में बदलाव हो रहा है। अगले तीन-चार दिनों तक बदलाव जारी रहने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। पश्चिम बंगाल के लो प्रेशर से 22 और 23 सितंबर को राज्य के कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। इसके बाद 24 और 25 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्से में बारिश होगी। 24 सितंबर को राज्य के उत्तर पूर्वी और पश्चिमी भागों कुछ जगहों पर बारिश होगी। धनबाद समेत संताल परगना के सभी जिले उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आते हैं। इन जगहों पर 24 सितंबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।

तापमान गिरने से माैसम हुआ सुहाना

बंगाल के लो प्रेशर से हो रही बारिश की वजह से तापमान में भी कमी आ गई है। मंगलवार की देर रात बारिश के साथ-साथ ठंडी हवा भी चली। इससे गर्मी से राहत मिल गई। धनबाद के साथ-साथ बोकारो, गिरिडीह और संताल परगना के जिलों में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। बुधवार को भी धनबाद समेत संताल के ज्यादातर हिस्से में बारिश के आसार हैं।

chat bot
आपका साथी