Jumbo Attack In Giridih: नहीं बन सकते 'हाथी मेरे साथी', 24 घंटे में 4 लोगों को मार डाला, दहशत में ग्रामीण

Jumbo Attack In Giridih झारखंड के गिरिडीह में जंगली हाथी बेकाबू हो चुके हैं। उनकी राह में इंसान दिख रहा है तो उनका रूख हमलावर हो जा रहा है। हाथियों ने चार लोगों की जान ले ली है। अभी भी हाथी गांवों में हैं।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 09:45 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 09:49 PM (IST)
Jumbo Attack In Giridih: नहीं बन सकते 'हाथी मेरे साथी',  24 घंटे में 4 लोगों को मार डाला, दहशत में ग्रामीण
झारखंड के गिरिडीह में बढ़ रहा हाथियों का हमला ( फाइल फोटो)।

जागरण टीम, गिरिडीह। आप सबने फिल्म 'हाथी मेरे साथी' तो देखी होंगी। यह थ्योरी असल में सही नहीं है। यह बात नई भी नहीं है। क्योंकि वर्षों बरस से हाथी इंसान की जान लेते रहते हैं। यही कारण है कि लोग अक्सर बोल पड़ते हैं-हाथी अब नहीं रहे साथी। सीधे कहें तो 'नहीं बन सकते हाथी मेरे साथी।' झारखंड के गिरिडीह में जंगली हाथी बेकाबू हो चुके हैं। उनकी राह में इंसान दिख रहा है तो उनका रूख हमलावर हो जा रहा है। हाथियों ने चार लोगों की जान ले ली है। अभी भी हाथी गांवों में हैं। और कितनी जानें जा सकती है, कोई नहीं जानता। वन विभाग के लोग सिर्फ खानापूरी कर रहे हैं। आम ग्रामीण टीना बजा रहे हैं तो वन विभाग के लोग मान रहे हैं कि एकाध दिन में हाथी जंगल की तरफ निकल जाएंगे। वे लोग किसी तरह समय निकाल रहे हैं। सरिया में अंबेडकर चौक के पास हाथियों ने दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। डुमरी एवं पीरटांड़ में भी एक-एक इंसान को जान से हाथ धोना पड़ा।

झुंड से बिछड़े हाथी ने दो लोगों को पटक कर मारा

सरिया : सरिया के अंबाडीह गांव में गुरुवार की शाम लगभग सात बजे झुंड से बिछड़ा एक हाथी घुस गया। अंबेडकर चौक के पास रोहित दास और सिकंदर दास को पटक कर मार डाला। ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस को तत्काल सूचना दी। काफी देर बाद वन कर्मी हैदर अली पहुंचे। उन्होंने विभागीय प्रावधान के अनुसार कुल मुआवजा राशि का 25 फीसद एक-एक लाख रुपये शुक्रवार को देने का आश्वासन दिया। शेष राशि प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने की बात कही।

डुमरी : दिव्यांग का कृत्रिम पैर तोड़कर कुचल डाला

डुमरी : डुमरी थाना के माओवाद प्रभावित ठंडाबहियार में शुक्रवार की रात एक हाथी ने उत्पात मचाने के बाद अरुण सिंह उर्फ कारू को कुचल दिया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। वह अविवाहित और दिव्यांग था। शनिवार को डुमरी वन क्षेत्र के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। सहायक वन संरक्षक पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि रात साढ़े नौ बजे अरुण सिंह शौच के लिए बाहर जा रहा था। इसी क्रम में हाथी ने उस पर हमला कर दिया। उस व्यक्ति का कृत्रिम पैर टूट गया और वह भाग नहीं पाया। हाथी ने कृत्रिम पैर भी तोड़ दिया। स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। वन विभाग ने मृतक के स्वजन को तत्काल 25 हजार रुपये दिया। शेष मुआवजा राशि चार लाख रुपये कुछ दिनों में दिलाने की बात कही। मृतक के स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है।

पीरटांड़ : शौच को गई महिला को चिंघाड़ते हुए मारा

पीरटांड़ : पीरटांड़ थाना के के परसबनी गांव में हाथी ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। घटना शनिवार को भोर तीन बजे की है। मृतका की बहू चिंंता देवी ने बताया कि उसकी सास मंझली देवी शौच के लिए गई थी। उसी समय चिघाड़ लगाते हुए एक हाथी आया और सास को कुचल दिया। हाथी के चिघाडऩे की आवाज सुनकर घर वाले घटना स्थल पर गए। महिला को घायल अवस्था में घर लाए। अस्पताल जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुखिया, उप मुखिया आदि पहुंचे। वन विभाग व पुलिस को सूचना दी। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया। वन विभाग ने मृतका के स्वजन को मुआवजे के तौर पर 20 हजार रुपये दिए हैं।

chat bot
आपका साथी