Elephant Attack In Dumka: दुमका में हाथी ने दो को मार डाला, हादसे के बाद वन विभाग ने दिखाया जंगल का रास्ता

Elephant Attack In Dumka झारखंड के दुमका जिले में एक जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचल कर मार डाला है। हादसे के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पहुंचे। हाथी को जंगल की ओर भगाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 05:09 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 05:17 PM (IST)
Elephant Attack In Dumka: दुमका में हाथी ने दो को मार डाला, हादसे के बाद वन विभाग ने दिखाया जंगल का रास्ता
महारो बस्ती से गुजरता जंगली हाथी ( फोटो साैजन्य)।

जागरण संवाददाता, दुमका। Jumbo Attack In Dumka झारखंड के दुमका जिले में पिछले सात माह से एक जंगली हाथी ने उत्पात मचा रखा है। वह जंगलों से निकलता है और जानमाल की हानि करता है। इसी हाथी ने सोमवार की रात मसलिया थाना क्षेत्र की धोबना हरिनबहाल पंचायत के फतेहपुर गांव में 35 वर्षीय शिबूधन हांसदा और मंगलवार दोपहर जामा थाना क्षेत्र के महारो बस्ती में 40 वर्षीय विदेश मंडल को पटककर मार डाला। इसके बाद हाथी जामा की कई बस्तियों से होता हुआ मदनपुर के जंगल में घुस गया। पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया। हाथी जामा के मदनपुर जंगल में डेरा डाले हुए है। वन विभाग की टीम हाथी को जंगल से खदेड़ने का प्रयास कर रही है।

रात में शिबू को दिन में विदेशी को बनाया शिकार

सोमवार की रात हाथी ने बहियार में शिबू धन हांसदा को मार डाला। दोपहर को गांव के लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। शिबू की जान लेने के बाद हाथी दोपहर को जामा की महारो बस्ती में आ गया। महारो की लालू लकड़ी मिल में काम करने वाला विदेशी मंडल घर से कुछ दूर चार दीवारी के समीप खड़ा था। सामने हाथी को देखने के बाद वह घर की ओर भागा तो हाथी ने पीछा कर सूढ़ में दबोच लिया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने शोर मचाया लेकिन हाथी पर इसका असर नहीं पड़ा। विदेश को पटकने के बाद कोख में दांत घुसाकर मार डाला। इसके बाद हाथी दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग होते हुए माठाचक गांव में घुस गया।

दो की माैत के बाद वन विभाग की खुली नींद

मौत की खबर सुनकर जामा थाना के सहायक अवर निरीक्षक रवि शंकर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। दोपहर करीब दो बजे वन विभाग के टीम मदनपुर के जंगल पहुंची और हाथी को गांव से बाहर भेजने का प्रयास किया। रेंजर विजय कुमार सिंह का कहना है कि हाथी के हमले में मरने वाले दोनों व्यक्तियों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा। हाथी को जामा थाना क्षेत्र से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

पहले तीन को मार चुका हाथी

जिस हाथी ने दो लोगों को कुचल कर मार डाला है उसने अप्रैल और मई महीने में 3 लोगों को मार डाला था। यह जंगली हाथी पिछले सात माह से दुमका जिले में सक्रिय है। जंगल से निकल कर इधर से उधर घूमते रहता है। माैका पाते ही हमला करता है। इसके बावजदू विभाग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हाथी को नियंत्रित नहीं कर सके हैं।

chat bot
आपका साथी