Lucknow Police ने दुमका के साइबर अपराधी प्रमोद को दिल्ली से किया गिरफ्तार, कई राज्यों की पुलिस के लिए था सिरदर्द

कई राज्यों में साइबर ठगी को अंजाम दे चुका प्रमोद इन दिनों अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रह रहा था। इसकी भनक लगते ही लखनऊ की पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से उसे धर दबोचा। दुमका के सरैयाहाट थाने में उसके खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 11:35 AM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 12:31 PM (IST)
Lucknow Police ने दुमका के साइबर अपराधी प्रमोद को दिल्ली से किया गिरफ्तार, कई राज्यों की पुलिस के लिए था सिरदर्द
दुमका का कुख्यात साइबर अपराधी प्रमोद मंडल ( फाइल फोटो)।

अनूप श्रीवास्तव, दुमका। 29 साइबर मामलों के वांछित सरैयाहाट के बंदरी निवासी शातिर साइबर अपराधी प्रमोद मंडल को आखिरकार दिल्ली में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे उप्र की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसकी तलाश कई राज्यों की पुलिस कर रही थी। दुमका पुलिस भी बीते चार माह से उस तक पहुंचने की कोशिश में जुटी थी। प्रमोद के पास 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। कई राज्यों में साइबर ठगी को अंजाम दे चुका प्रमोद इन दिनों अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रह रहा था। इसकी भनक लगते ही लखनऊ की पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से उसे धर दबोचा।

दुमका के सरैयाहाट में तीन मामले दर्ज

दुमका के सरैयाहाट थाने में उसके खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। दुमका में जब भी साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है, उसमें प्रमोद का नाम सामने आता रहा है। 20 दिन पहले हजरतगंज थाने की पुलिस दुमका पहुंची थी और सरैयाहाट थाने की पुलिस की मदद से उसके बंदरी स्थित आवास पर छापेमारी की थी, लेकिन वह नहीं मिला था। पुलिस उसके पिता और चाचा को अपने साथ थाने लेकर गई थी। उसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया था। प्रमोद की ससुराल मालभंडारो गांव में है।

कैसे हुई गिरफ्तारी

प्रमोद ने दिल्ली जाने के लिए कुछ दिन पहले आनलाइन टिकट बुक कराया था। लखनऊ पुलिस को उसका मोबाइल नंबर हाथ लग गया। पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर उस तक पहुंचने की कोशिश करती रही। इस प्रयास में शुक्रवार को वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

ठगी का पैसा जमीन में किया निवेश

प्रमोद ने साइबर अपराध से अकूत संपत्ति अर्जित की। उसने ससुराल के समीप ही चार कट्ठा जमीन खरीदी है। बंगाल के तारापीठ में उसने सात करोड़ की बेशकीमती जमीन खरीदी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो प्रमोद ने साइबर अपराध कर लोगों से ठगा गया अधिकांश पैसा जमीन खरीद में लगाया है। सरैयाहाट थाना के प्रभारी अनुज यादव के अनुसार गिरफ्तारी की सूचना मिली है। लखनऊ की पुलिस उसके पिता व चाचा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रमोद, झारखंड के साथ ही बिहार, यूपी, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों के पुलिस के लिए सिरदर्द बना था। इन राज्यों की पुलिस साइबर अपराध के सिलसिले में उसे तलाश रही थी।

अगर प्रमोद की गिरफ्तारी हुई है तो पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। गिरफ्तारी की सूचना मिल रही है। उसकी तलाश कई राज्य की पुलिस कर रही थी।

-अंबर लकड़ा, पुलिस अधीक्षक, दुमका

प्रमोद को दिल्ली मेंं गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिली है, लेकिन अभी किसी से बात नहीं हुई है। चार माह से उसकी तलाश चल रही थी।

-विजय कुमार, डीएसपी साइबर सेल

chat bot
आपका साथी