यास तूफान के कारण झरिया में जलापूर्ति और बिजली की व्यवस्था चरमराई Dhanbad News

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान का झरिया में कम असर देखा जा रहा है। हालांकि बुधवार से ही झरिया में काले बादल छाए हैं। रिमझिम बारिश भी हो रही है। यास तूफान ने झरिया में बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।

By Atul SinghEdited By: Publish:Thu, 27 May 2021 05:50 PM (IST) Updated:Thu, 27 May 2021 05:50 PM (IST)
यास तूफान के कारण झरिया में जलापूर्ति और बिजली की व्यवस्था चरमराई  Dhanbad News
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान का झरिया में कम असर देखा जा रहा है। (जागरण)

 झरिया, जेएनएन: बंगाल की खाड़ी में  उठे चक्रवाती तूफान का झरिया में कम असर देखा जा रहा है। हालांकि बुधवार से ही झरिया में काले बादल छाए हैं। रिमझिम बारिश भी हो रही है। यास तूफान ने झरिया में बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। तूफान के आंशिक असर से झरिया में बिजली और जलापूर्ति ठप हो गई है। लाखों लोग परेशान हैं। बिजली और जलापूर्ति विभाग की ओर से तूफान के पूर्व की गई कथित तैयारी से लोगों को कोई राहत नहीं मिला है। पानी और बिजली नहीं मिलने से लोग बेहाल हैं। मालूम हो कि झमाडा के जामाडोबा जल संयंत्र से झरिया शहर और इसके आसपास क्षेत्रों की लगभग छह लाख आबादी निर्भर है। संयंत्र की लचर व्यवस्था से कई दिन पूर्व से ही झरिया में रोटेशन के आधार पर जलापूर्ति की जा रही है। यास तूफान के असर से लोगों को यह भी अब नहीं मिल रहा है। वहीं जामाडोबा जल संयंत्र के एसडीओ पंकज झा का कहना है कि बिजली नहीं रहने के कारण जलापूर्ति बाधित हुई है। डीवीसी की ओर से कई घंटे तक बिजली काट दी गई। फिर भी संयंत्र के कर्मी जलापूर्ति बहाल कराने में लगे हैं। वहीं दूसरी ओर झरिया विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अमित खलखो ने कहा कि तूफान को देखते हुए कर्मियों के छोटे-छोटे दल बनाए गए हैं। बिजली तार के टूटने से  समस्या हुई है। जल्द इसकी मरम्मत कर  बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

यास तूफान के कारण घरों में कैद हो गए हैं झरिया के लोग :

झरिया में हालांकि यास तूफान का असर ज्यादा नहीं है। लेकिन दो दिनों से लगातार बूंदाबांदी और रिमझिम बारिश हो रही है। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। सड़कों पर सन्नाटा छाया है। यात्री वाहनों का आवागमन बंद है। कुछ लोग ही सड़कों पर चल रहे हैं। झरिया में यास तूफान का अधिक असर नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

chat bot
आपका साथी