कतरास व आसपास के तालाबों में पसरी गंदगी

आस्था का महापर्व छठ को लेकर आम जनता अभी से परेशान है। तालाब में पसरी गंदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 06:46 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 06:46 AM (IST)
कतरास व आसपास के तालाबों में पसरी गंदगी
कतरास व आसपास के तालाबों में पसरी गंदगी

संवाद सहयोगी, कतरास: आस्था का महापर्व छठ की तैयारी को लेकर नगर निगम कतरास अंचल कार्यालय अभी तक मौन है, जबकि आठ नवंबर से चार दिवसीय महापर्व शुरू होना है। कतरास इलाके की तालाब व नदियों में गंदगी भरी है, जिससे लोग चितित हैं। शहर के सूर्य मंदिर स्थित कतरी नदी छठ घाट, छाताबाद ताड़ तालाब, कतरासगढ राजबाडी स्थित कतरी नदी छठ घाट, तेलियाबांध तालाब, कैलूडीह तालाब, सिजुआ कालोनी स्थित तालाब, तेतुलमारी स्थित सूर्य मंदिर तालाब में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हाल में मां दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के बाद ढांचा को अभी तक हटाया नहीं गया है। नगर निगम के वार्ड संख्या दो के ताड़ तालाब घाट में पूरा पानी हरा दिख रहा है। जहां प्रतिदिन सुबह शाम उस पानी को सैकड़ों महिला, पुरूष व बच्चे नहाने से लेकर कपड़ा, बर्तन धोने के रूप में उपयोग में लाते हैं। तालाब के एक ओर पूरी तरह से अतिक्रमण किया जा रहा है। एक पखवारा पूर्व उक्त तालाब को स्थानीय लोगों द्वारा सफाई कराया गया था, लेकिन मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के कारण पुन: गंदगी का अंबार लग गया। नगर निगम के स्वच्छता निरीक्षक रमेश कुमार प्रसाद ने बताया कि शीघ्र ही वार्ड एक से आठ तक के सभी नदी व तालाबों की सफाई कराई जाएगी। छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कहा कि सभी छठ घाटों की निरीक्षण कर सफाई अभियान जल्द शुरू किया जाएगा। भक्तों को छठ पर्व से पहले पूरी तरह साफ तालाब मिलेगा। उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। निगम इसको लेकर गंभीर है।

chat bot
आपका साथी