धरम पाजी का जवाब नहीं ! जब झारखंड की इस झील में कूद गए थे, जानिए वजह

Dharmendra Happy Birthday क्या आप यह जानते हैं धर्मेंद्र धनबाद भी आ चुके हैं। जी हां उन्होंने धनबाद के तोपचांची की वादियों में काफी वक्त बिताया है। फिल्म मोहब्बत जिंदगी है की शूटिंग के लिए यहां आए थे। उनके साथ उस जमाने की खूबसूरत अभिनेत्री राजेश्वरी भी थीं।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 02:47 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 08:59 PM (IST)
धरम पाजी का जवाब नहीं ! जब झारखंड की इस झील में कूद गए थे, जानिए वजह
फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र और तोपचांची झील ( फाइल फोटो)।

तापस बनर्जी, धनबाद। Dharmendra Happy Birthday बालीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का आज 8 दिसंबर को जन्मदिन है। उनका जन्म 8 दिसंबर 1935 को हुआ था। वह 86 साल के हो गए हैं। प्रशंसक अपने प्रिय अभिनेता का जन्मदिन मना रहे हैं। उनके से जुड़ी स्मृतियों को याद कर रहे हैं। धनबाद से भी धर्मेंद्र की बहुत रोमांचकारी स्मृति है। यह स्मृति तोपचांची झील से जुड़ी है। इसकी खूबसूरती उनके दिन में इतनी गहरे उतर गई थी कि एक बार झील में ही छलांग लगा दी। यह देख सब दंग रह गए। उनकी खैरियत को लेकर चिंतित हो उठे। करोड़ों प्रेमियों के लिए खुशी की बात यह रही है कि धर्मेंद्र को कुछ नहीं हुआ। वह मुस्कुराते हुए झील से बाहर निकल गए। सबने राहत की सांस ली है। यह वाकया साल 1966 से पहले की है।

 

फिल्म 'मोहब्बत जिंदगी है' की शूटिंग के लिए धर्मेंद्र आए थे धनबाद

धमेंद्र के जन्मदिन पर दुनिया भर से उनके चाहने वाले बधाइयां भेज रहे हैं। वैसे तो आपने धर्मेंद्र की अनगिनत फिल्में देखी होंगी। तीन साल पहले यमला पागल दीवाना फिर से में भी धर्मेंद्र नजर आए थे। पर क्या आप यह भी जानते हैं धर्मेंद्र धनबाद भी आ चुके हैं। जी हां, सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र ने धनबाद के तोपचांची की वादियों में काफी वक्त बिताया है।

1966 में आई थी फिल्म 'मोहब्बत जिंदगी है'

1966 में आई फिल्म "मोहब्बत जिंदगी है" की शूटिंग के लिए धर्मेंद्र यहां आए थे। निर्माता केसी गुलाटी और निदेशक जगदीश नरूला की इस फिल्म में धर्मेंद्र के साथ उस जमाने की खूबसूरत अभिनेत्री राजेश्वरी भी थीं। धर्मेंद्र के साथ राजेश्वरी और हास्य कलाकार महमूद भी तोपचांची आए थे। तोपचांची झील की खूबसूरती देखकर बॉलीवुड के कलाकार भी तारीफ किए बगैर नहीं रह सके थे। तोपचांची झील और आसपास की वादियों में इस फिल्म के गाने फिल्माए गए थे।

झील के पास लग जाती थी भीड़

तोपचांची झील दिल्ली-हावड़ा जीटी रोड ( एनएच-2) पर लगी है। झारखंड के धनबाद जिला मुख्यालय से यहां की दूरी करीब 30 किलोमीटर है। शहर से काफी दूर होने के बाद भी लोग धर्मेंद्र को देखने तोपचांची तक पहुंच जाते थे। तोपचांची में लोगों की भीड़ लगी रहती थी। लोग धर्मेंद्र और राजेश्वरी की एक झलक पाने के लिए टकटकी लगाए रहते थे।

धनबाद के चांदमारी और लोदना खदान में भी हुई शूटिंग

धनबाद में रहने वाले बुजुर्ग बताते हैं कि तोपचांची के साथ साथ फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग चांदमारी 9 नंबर खदान और न्यू स्टैंडर्ड लोदना में भी हुई थी। फिल्म में खदानों के अंदर काम करने वाले मजदूरों को दिखाया गया था। फिल्म उन पर ही आधारित थी।तोपचांची झील का नाता बॉलीवुड के कई कलाकारों से रहा है।

उत्तम कुमार ने खरीद ली जमीन

टॉलीवुड यानी बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकारों ने भी यहां शूटिंग की है। बांग्ला फिल्मों के महानायक उत्तम कुमार ने तोपचाची की खूबसूरती से प्रेरित होकर जमीन भी खरीदी थी। साल 1980- 90 तक फिल्मों की शूटिंग हुई।

झील पर उभरता अखंड भारत का अक्स

तोपचांची झील अपनी खूबसूरती के लिए झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार और पश्चिम बंगाल में भी प्रसिद्ध है। यह झील अग्रेजों के जमाने की है। इसके उपर से देखने पर लगता है कि यह भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान का नक्सा हो।

झील को लग गई नक्सलियों की नजर

साल 1990 के करीब तोपचांची झील नक्सलियों की नजर लग गई। यहां कई नक्सली घटनाएं हुआ। इसके बाद से माओवादी गतिविधियों के बढ़ने की वजह से शूटिंग बंद हो गई। तीन दशक से ज्यादा समय से तोपचांची में फिल्मों की शूटिंग नहीं हुई है। हालांकि आज भी तोपचाची पहुंचने वाले लोग वहां की झील और खूबसूरत वादियों में पहुंचकर खो जाते हैं। पर हसीन वादियों वाली इस जगह को आज भी लाइट कैमरा एक्शन का इंतजार है।

chat bot
आपका साथी