Dhanbad Weather Report: रूस-अफगानिस्तान की सर्द हवाओं ने बदली धनबाद की फिजा, आने वाले समय में और लूढ़कने वाला है पारा

अक्टूबर से ही हल्की हल्की ठंड लोगों को धनबाद में महसूस होने लगी है रूस और अफगानिस्तान से बहने वाली सर्द हवाओं ने धनबाद की फिजा में परिवर्तन किया है आने वाले समय में ऐसी संभावना जताई जा रही है कि मौसम और भी सर्द होगा।

By Atul SinghEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 04:49 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:06 PM (IST)
Dhanbad Weather Report: रूस-अफगानिस्तान की सर्द हवाओं ने बदली धनबाद की फिजा, आने वाले समय में और लूढ़कने वाला है पारा
धनबाद में बढ़ने लगी है ठंड आने वाले समय में और भी गिरने वाला है पारा। (जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद: अक्टूबर के चौथे हफ्ते की शुरुआत के साथ ही धनबाद का मौसम बदल गया है। दिन में सुनहरी धूप और शाम ढलने के साथ ही मौसम में ठंडक घुल रही है। रात बढ़ने के साथ ही सर्द हवाएं और सर्द हो रही हैं। रात की सुनसान सड़कों पर कोहरे की पहरेदारी भी शुरू हो गई है। मानसून की विदाई के साथ ही अब पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इस वजह से अब रूस और अफगानिस्तान की सर्द हवाएं हिमालय से होकर इस ओर आने लगी हैं। बफीर्ली हवाओं की दस्तक ने धनबाद में शाम और रात की फिजा बदल दी है। एकाएक बदले मौसम के मिजाज के साथ ही अब लोग हल्के गर्म कपड़े साथ रख रख रहे हैं। जिन्होंने अब तक मलमारी से गर्म कपड़े नहीं निकाले हैं। उनके लिए यह बेहतर होगा कि उन्हें बाहर निकालकर धूप दिखा लें।

 इस सप्ताह चार डिग्री तक गिरा तापमान, और लढकने के संकेत

पिछले सप्ताह अधिकतम तापमान में गिरावट आई थी। 34-35 डिग्री पर पहुंचा तापमान 30-31 पर आ गया था। पर न्यूनतम तापमान में बदलाव नहीं दिखा था। अब इस सप्ताह से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। 24 से लुढ़क कर 20 पर पहुंच चुका है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 13 दिनों का जो मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। उसमें नवंबर के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री तक जाने की संभावना जताई है।  

 अब 30 अक्टूबर तक बारिश नहीं होगी

इधर मानसून के जानकारी डा. एसपी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आया लो प्रेशर काफी दूर जा चुका है। धनबाद में अब 30 अक्टूबर तक बारिश की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से तापमान में गिरावट और कुहाशा छाने की संभावना बढ़ेगी। 

chat bot
आपका साथी