उठो साथियों समय नहीं यह शोभा और श्रृंगार का... कोरोना मरीजों की मदद के लिए JK ने की पूर्व सैनिकों से अपील

सेवानिवृत्त कर्नल जेके सिंह धनबाद में रहते हैं। देश भर में नाम और पहचान है। एक दशक से राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड की कमेंट्री करते हैं। इनकी आवाज में जादू है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इनकी कमेंट्री के मुरीद हैं। जेके कोरोना मरीजों के लिए कुछ करना चाहते हैं।

By MritunjayEdited By: Publish:Fri, 30 Apr 2021 09:58 AM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 10:21 AM (IST)
उठो साथियों समय नहीं यह शोभा और श्रृंगार का... कोरोना मरीजों की मदद के लिए JK ने की पूर्व सैनिकों से अपील
धनबाद निवासी कर्नल जेके सिंह ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। उठो साथियों समय नहीं यह शोभा और श्रृंगार का, आज चुकाना है ऋण हमको अपनी मां के प्यार का। मैं देश के तमाम पूर्व सैनिकों से आग्रह करता हूं कि इस राष्ट्रीय आपदा में आगे बढ़ कर मदद करें। राष्ट्र और राज्य में कई पूर्व सैनिक, अफसर और जवान हैं जो मेडिकल कोर के हैं। इस विपदा की घड़ी में हॉस्पिटल में विशेष योगदान दे सकते हैं। अगर हो सके तो अलग से पूर्व सैनिकों द्वारा संचालित अस्पताल भी हो सकता है। पॉलिटेक्निक रोड निवासी सेवानिवृत्त कर्नल जेके सिंह कुछ इसी अंदाज में पूर्व सैनिकों और जवानों से कोविड-19 में लोगों की मदद करने की अपील कर रहे हैं। अपने डेढ़ मिनट से अधिक के वीडियो में कर्नल यह भी बताते हैं कि किस तरह से लोगों की मदद की जा सकती है। ऑक्सीजन सप्लाई से लेकर अन्य चीजें पहुंचाई जा सकती हैं।

पूर्व सैनिकों और जवानों के लिए कर्नल के सुझाव

ऑक्सीजन सप्लाई अगर कोलकाता से धनबाद आता है और पूर्व सैनिकों की मदद से एक घंटा पहले ऑक्सीजन लोड हो जाता है तो जाहिर है ऑक्सीजन के लिए तड़पते आइसीयू के मरीजों को एक घंटे पहले ऑक्सीजन मिल जाएगा। पीएम केयर्स फंड से लगने वाले ऑक्सीजन प्लांट को सामान्य लोग एक महीने में बनाएंगे तो पूर्व सैनिक 10 से 15 दिन में भी बना देंगे। क्योंकि सैनिकों को न नींद की चिंता है ना खाने की, बस देश की फिक्र है। जल्द ऑक्सीजन प्लांट बनाने में पूर्व सैनिक मदद कर सकते हैं। होम क्वॉरेंटाइन में रह रहे कोविड-19 मरीजों को पूर्व सैनिक न्यूनतम कीमत पर खाना पहुंचाया जा सकता है। नॉन मेडिकल पूर्व सैनिक अस्पताल का संचालन या प्रशासन आसानी कर सकते हैं। मदद करने के रास्ते बहुत हैं बस पूर्व सैनिकों को आगे आने की जरूरत है। 

काैन हैं जेके सिंह

जेके सिंह सेना के सेवानिवृत्त कर्नल हैं। धनबाद निवासी हैं। सेवानिवृत्ति के बाद धनबाद में ही रहते हैं। इनकी जीवनी उपलब्धियों से भरी हुई है। सेना में रहते हुए गोली और बमों के धमाके से इन्होंने दुश्मनों के छक्के छुड़ाए और अब अपनी आवाज से लोगों का दिल जीतते हैं। देश की राजधानी दिल्ली के राजपथ पर पिछले एक दशक से गणतंत्र दिवस पर होने वाले परेड की कमेंट्री करते आ रहे हैं। इस साल यानी 2021 में भी जेके सिंह ने ही राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड की कमेंट्री की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इनकी कमेंट्री के मुरीद हैं।

chat bot
आपका साथी