Dhanbad BJP: भाग्यवान निकले मधुरेंद्र गोस्वामी, इस कारण प्रधानमंत्री का मिला आशीर्वाद
मधुरेंद्र गोस्वामी खानदानी भाजपाई हैं। उनके पिता सत्यदेव गोस्वामी पूर्व सांसद रीता वर्मा के प्रतिनिधि और भाजपा के दबंग नेता हुआ करते थे। मधुरेंद्र भी कार्यकर्ताओं के बीच अपने इलाके में अच्छी पैठ रखते हैं। हमेशा चर्चा में रहते हैं।
धनबाद, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी कार्यकर्ता को जन्मदिन की बधाई दें तो जाहिर है कि वह जन्मदिन उसके लिए यादगार हो जाएगा। ऐसा ही हुआ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मधुरेंद्र गोस्वामी के साथ। सुबह जब उन्होंने इंटरनेट मीडिया खंगाला तो प्रधानमंत्री की ओर से नए वर्ष एवं जन्मदिन की बधाई का संदेश मिला। मधुरेंद्र गदगद हो गए। उन्होंने तत्काल इसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया और इस संदेश के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद कहा। हालांकि उनका जन्मदिन 16 जनवरी को ही है और बधाई भी उसी दिन मिले लेकिन बकौल गोस्वामी कार्य व्यस्तता के कारण उन्हें पता नहीं चल पाया।
कार्यकर्ता बता रहे बड़ी उपलब्धि
गोस्वामी भाजपा नेता गणेश मिश्रा के समर्थकों में गिने जाते हैं। मिश्रा की माता जी का निधन कुछ अर्से पहले हो गया था और कल ही उनका श्राद्ध कर्म संपन्न हुआ है। गोस्वामी भी इसमें व्यस्त थे। यूं गोस्वामी खानदानी भाजपाई हैं। उनके पिता सत्यदेव गोस्वामी पूर्व सांसद रीता वर्मा के प्रतिनिधि और भाजपा के दबंग नेता हुआ करते थे। मधुरेंद्र भी कार्यकर्ताओं के बीच अपने इलाके में अच्छी पैठ रखते हैं। पीएम से बधाई मिलने के बाद उन्हें फिर से इंटरनेट मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। कार्यकर्ता इसे उनकी बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं।
आपको भी मिल सकती है बधाई
भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका रंजन उन चंद युवा नेताओं ने शुमार हैं जिन्हें पीएम ट्विटर पर फॉलो करते हैं। प्रियंका के मुताबिक ऐसे लोग जो नमो एप से जुड़े हैं और उन्होंने अपना सही जन्म तिथि उस पर अंकित करवाया है उन्हें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री का संदेश प्राप्त होता है। आप भी नमो एप से जुड़ें तो बधाई आपको भी प्राप्त हो सकती है।
पहली बार धनबाद के किसी कार्यकर्ता को मिली बधाई
यूं तो धनबाद के सैकड़ों भाजपा के नेता और कार्यकर्ता नमो एप से जुड़े हैं। कहा जा रहा है कि नमो एप से जुड़े कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री की तरफ से जन्म दिन की बधाई दी जाती है। हालांकि सिर्फ नमो एप से जुड़ना ही बधाई का पैमाना नहीं है। इसके अलावे भी बधाई देने के कई कारण होते हैं। इस महीने धनबाद के कई नेताओं के जन्म दिन थे जो नमो एप से जुड़े हैं। हालांकि बधाई सिर्फ मधुरेंद्र को ही मिली है।