BSNL के सेवानिवृत्त एसडीओ की पत्नी की हत्या कर डकैती से धनबाद में दहशत, पुलिस की बढ़ी चुनौती

कुसुम विहार में अकेले रहने वालीं पूर्व टेलीफोन एसडीओ एसएसपी सिन्हा की पत्नी शीला सिन्हा की सोमवार की रात हत्या कर दी गई। हत्या डकैती के दाैरान की गई। परिस्थितिजन्य साक्ष्य इशारा कर रहे हैं कि महिला ने डकैती का विरोध किया होगा इसलिए डकैतों ने मार डाला।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 11:57 AM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 06:43 PM (IST)
BSNL के सेवानिवृत्त एसडीओ की पत्नी की हत्या कर डकैती से धनबाद में दहशत, पुलिस की बढ़ी चुनौती
बीएसएनएल के सेवानिवृत्त एसडीओ के आवास में डकैती की जांच करती धनबाद पुलिस ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। शहर से सरायढेला थाना क्षेत्र के कुसुम विहार में डकैतों ने सोमवार की रात तांडव किया। बीएसएनएल के सेवानिवृत्त एसडीओ एससीपी सिन्हा के घर धावा बोल दिया। उनकी पत्नी की हत्या कर डकैती को अंजाम दिया। इस घटना के बाद धनबाद शहर में दहशत का आलम है। पुलिस ने अपराधियों तक पहुंचने के लिए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को सिटी एसपी आर रामकुमार और एएसपी विधि व्यवस्था मनोज स्वर्गीयारी दल बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और छानबीन शुरू की। इस दौरान फॉरेंसिंक टीम को भी लगाया गया है। फॉरेंसिक टीम रात से ही अपना काम कर रही है। काफी सुक्ष्मता से अपराधियों के हाथों का निशान जुटाने में लगी हुई है।

सिटी एसपी के सामने चुनौती

सिटी एसपी रामकुमार और एएसपी स्वर्गीयारी ने भी घर का अपनी टीम के साथ देखा। इसके अलावा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी छानबीन कर रहे हैं। डकैतों के घर में आने और जाने के रास्तों को देखा जा रहा है। पुलिस की मानें तो यह घटना पूरी तरह से डकैती है। पुलिस का मानना है कि छह से अधिक संख्या में डकैतों ने इस घटना को अंजाम दिया है। जांच में लोकल और पेशेवर अपराधियों के होने की भी बात पता चली है। पुलिस पूरी तरह से इस कांड का यथाशीघ्र उद्भेदन करने में लगी हुई है।

विरोध करने पर शीला सिन्हा की हत्या

कुसुम विहार में अकेले रहने वालीं पूर्व टेलीफोन एसडीओ एसएसपी सिन्हा की पत्नी शीला सिन्हा की सोमवार की रात हत्या कर दी गई। हत्या डकैती के दाैरान की गई। परिस्थितिजन्य साक्ष्य इशारा कर रहे हैं कि महिला ने डकैती का विरोध किया होगा, जिसके बाद डकैतों ने उनकी हत्या कर दी। उनके शरीर पर चाकू से प्रहार किया गया। उनका हाथ पैर साड़ी से बांधकर गला भी घोंटा गया था। हत्यारों का सुराग पाने के लिए पुलिस में खोजी कुत्ते का सहारा लिया। कुत्ते के जरिये पुलिस को एक गमछा मिला है। एसएससी असीम विक्रात मिंज, सिटी एसपी आर रामकुमार भी मौके पर पहुंचे। कुसुम विहार में शीला सिन्हा अकेले रहती थीं। उनके घर में कुछ किराएदार भी रहते हैं।

किरायेदारों ने पुलिस को दी घटना की जानकारी

किरायेदारों ने पुलिस को बताया कि शीला सिन्हा रात नौ बजे घर से बाहर निकली थीं। एक किरायेदार ने गेट पर ताला लगाने की बात पूछी तो उनका जवाब था कि वह खुद लगा लेंगी। कुछ देर बाद किरायेदारों को शीला सिन्हा के स्वजनों के फोन आने लगे जो बाहर रहते हैं। उनका कहना था कि वह फोन नहीं उठा रही हैं। किरायेदारों ने आवाज लगाई तो जवाब नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे के भीतर पाया कि कई सामान बिखरे हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने पटना में रहने वाले शीला सिन्हा के पुत्र से भी बातचीत की ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस को अंदेशा है कि डकैत 9.30 बजे के बाद घर में घुसे होंगे और विरोध करने उनकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना के बाद शीला सिन्हा के स्वजन मंगलवार सुबह पहुंचे।

अपराधी पुलिस को दे रहे चुनाैती: मुन्ना

भारतीय जनता पार्टी  धनबाद के महानगर मीडिया सह प्रभारी चंद्रशेखर मुन्ना ने कहा है कि अपराधियों की हिम्मत बढ़ गई है। कुसुम विहार जैसे पाॅस इलाके में घर में घुस कर अपराधी हत्या और डकैती जैसी घटना को अंजाम देते हैं यह पुलिस के लिए चुनाैती है। उन्होंने तुंरत डकैतों की गिरफ्तारी की मांग की है।

chat bot
आपका साथी