जमसं बच्चा गुट का चैतुडीह में प्रदर्शन, सिद्धार्थ गौतम ने थाने में की शिकायत

संवाद सहयोगी कतरास कतरास क्षेत्र के चैतुडीह में केजरीवाल कंपनी में स्थानीय बेरोजगारों क

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 09:56 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 09:56 PM (IST)
जमसं बच्चा गुट का चैतुडीह में प्रदर्शन, सिद्धार्थ गौतम ने थाने में की शिकायत
जमसं बच्चा गुट का चैतुडीह में प्रदर्शन, सिद्धार्थ गौतम ने थाने में की शिकायत

संवाद सहयोगी, कतरास : कतरास क्षेत्र के चैतुडीह में केजरीवाल कंपनी में स्थानीय बेरोजगारों को नियोजन सहित अन्य मांग को लेकर मंगलवार को चैतुडीह कोलियरी के चेकपोस्ट के समीप जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के बैनर तले जिप सदस्य सुभाष राय के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया और धरना पर बैठ गए। आंदोलनकारी पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत संघ का बैनर व झंडे के साथ नारेबाजी करते हुए आउटसोर्सिंग का चक्का जाम करने जा रहे थे। चेक पोस्ट के पास कई थानों की पुलिस व सीआइएसएफ के जवान मौजूद थे। थानेदार रासबिहारी लाल ने कंपनी प्रतिनिधि से वार्ता कराने की बात कह उन्हें वहीं रोक दिया। इसके बाद लोग वहीं टेंट के नीचे धरना पर बैठ गए। इस बीच आउटसोर्सिंग कंपनी के लाइजनिग पदाधिकारी मो. सोबिली वहां पहुंचे। थानेदार की मौजूदगी में कंपनी की ओर से उन्हें एक पत्र सौंपा, जिसमें मांगों पर प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष वार्ता करने के लिए बीस दिनों की समय की मांग की गयी। कंपनी के जीएम से दूरभाष पर वार्ता कराई गई। कंपनी प्रतिनिधि के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर लोग वापस लौट गए। आंदोलनकारियों का नेतृत्व कर रहे सुभाष राय ने कहा कि निर्धारित समय के भीतर मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे पुन: आंदोलन करने पर विवश होंगे। आंदोलन में निर्मल रवानी, विनय पासवान, टीकू महतो, सियाराम भुइयां, कृष्णा भुइयां, ईश्वर यादव, दीपक तिवारी, शंकर गुप्ता, मो. महताब, काली सिंह, कन्हाई पासवान, कुलदीप दास आदि शामिल थे।

इधर आंदोलन में जनता मजदूर संघ के नाम के इस्तेमाल को लेकर विवाद हो गया। मामले की जानकारी पाकर मंगलवार देर शाम जमसं कुंती गुट के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम कतरास थाना पहुंचे। उन्होंने आंदोलन में जनता मजदूर संघ के बैनर व झंडा के इस्तेमाल पर आपत्ति जाहिर करते हुए थानेदार को लिखित शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि बच्चा सिंह व उनके समर्थक को जनता मजदूर संघ के नाम का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। संघ की मान्यता से संबंधित झारखंड के श्रम एवं नियोजन विभाग से पारित आदेश की छाया प्रति भी उन्होंने थानेदार को दी। शिकायत पत्र में उन्होंने कहा है कि मेरे पिता स्व. सूर्यदेव सिंह ने 1977 में जनता मजदूर संघ का गठन किया था। झारखंड के रजिस्ट्रार श्रमिक संघ ने 16 जुलाई को संगठन को पंजीकृत किया है। इस संगठन का मैं संयुक्त महामंत्री हूं। बच्चा सिंह व सुभाष राय ने अन्य के साथ 22 व 27 जुलाई को चैतुडीह कोलियरी में कार्यरत केजरीवाल आउट सोर्सिंग कंपनी के समक्ष जनता मजदूर संघ का नाम व बैनर का अवैध तरीके से इस्तेमाल कर लोगों के द्वारा प्रदर्शन करवाया। इसमें सुभाष राय खुद शामिल थे। उनके द्वारा जनता मजदूर संघ के नाम का इस्तेमाल कर मजदूरों को धोखा देकर ठगी की जा रही है। जिसके चलते मेरे संघ का नाम व प्रतिष्ठा को आघात पहुंच रहा है। सिद्धार्थ के साथ जनता मजदूर संघ के वरीय नेता गोपाल मिश्र, सतेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, अमलेश सिंह, राजीव रंजन त्रिवेदी, विकास तिवारी, रंजीत मोदक, गुडू सिंह आदि थाना आए थे।

==------- -------

शिकायत मिली है। जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रासबिहारी लाल, थाना प्रभारी, कतरास

---------============ हाल ही में संगठन से जुड़े हैं। अपने जीवनकाल में किसी मजदूर के साथ धोखाधड़ी व ठगी नहीं की है। मजदूर हित में लड़ते आए हैं। बच्चा सिंह के नेतृत्व में आगे भी मजदूरों के हित के लिए लड़ते रहेंगे।

सुभाष राय, जिप सदस्य, कतरास

chat bot
आपका साथी