Dhanbad Judge Murder Case: 70 फीसद आटो के पास वैध कागजात नहीं; अभियान के तहत पकड़े गए 300 आटो

एडीजे उत्तम आनंद की आटो से धक्का लगने और मौत मामले के बाद से जिला पुलिस ने आटो की जांच शुरू कर दी है। जांच का काम मंगलवार को भी जारी रहा। अब तक यातायात पुलिस ने करीब 300 आटो जब्त किए हैं।

By Atul SinghEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 11:12 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 11:12 AM (IST)
Dhanbad Judge Murder Case: 70 फीसद आटो के पास वैध कागजात नहीं; अभियान के तहत पकड़े गए 300 आटो
अब तक यातायात पुलिस ने करीब 300 आटो जब्त किए हैं। (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)

जागरण संवाददाता, धनबाद: एडीजे उत्तम आनंद की आटो से धक्का लगने और मौत मामले के बाद से जिला पुलिस ने आटो की जांच शुरू कर दी है। जांच का काम मंगलवार को भी जारी रहा। अब तक यातायात पुलिस ने करीब 300 आटो जब्त किए हैं। इनमें से 70 फीसद ऐसे आटो है जो बीते तीन दिनों से अपने कागजातों के साथ यातायात थाना नहीं पहुंचे। वहीं सड़कों पर भी अचानक आटो की संख्या में कमी आ गई है।

न्यायाधीश उत्तम आनंद की मौत के बाद से जिले के हर थाना क्षेत्र में आटो के कागजातों की जांच का अभियान लगातार चल रहा है। जांच के दौरान सबसे पहले चालक का ड्राइविंग लाइसेंस देखा जा रहा है। इसके बाद वाहन से संबंधित रजिस्ट्रेशन की जांच हो रही है। उचित कागजात नहीं होने पर आटो को जब्त कर लिया जा रहा है। यातायात थाना के अलावा धनबाद थाना व महिला थाना परिसर में आटो की लंबी कतार लगी है। इन मालिक अपना वाहन वापस लेने के लिए भी यातायात पुलिस के पास नहीं पहुंच रहे हैं। अभी तक महज 80 से 90 आटो मालिकों ने थाना में अपने कागजात दिखाए हैं। जबकि लाइसेंसधारी चालकों की संख्या तो 50 के आसपास है। इस मामले को लेकर पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार ने बताया कि जो आटो चालक अथवा मालिक वैध कागजात दिखा रहे हैं उनके वाहनों को छोड़ा जा रहा है। जिनके कागजात नहीं आ रहे वे अब कोर्ट से अपना वाहन छुड़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि डीटीओ की रिपोर्ट के अनुसार धनबाद में कुल 13000 आटो निबंधित हैं। जांच अभियान शुरू होने के बाद से सड़कों पर अचानक आटो की संख्या में कमी आ गई है। उन्होंने कहा कि आटो परिचालन को व्यवस्थित करने की दिशा में यातायात पुलिस काम कर रही है।

chat bot
आपका साथी