ISL Sudamdhih के पूर्व प्राचार्य का निधन, धनबाद में 24 घंटे में कोरोना से 5 की माैत; जानें ताजा हाल

Dhanbad Coronavirus News Update धनबाद में पिछले 24 घंटे के दाैरान कोरोना वायरस के कारण 5 मरीजों ने दम तोड़ दिया। सिंदरी के एक झरिया के एक तोपचांची के कंडेडीह के एक गोविंदपुर के कर्माटांड़ और नगर कियारी के एक- एक लोगों की जान गई।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 03:28 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 03:28 PM (IST)
ISL Sudamdhih के पूर्व प्राचार्य का निधन, धनबाद में 24 घंटे में कोरोना से 5 की माैत; जानें ताजा हाल
इंडियन स्कूल ऑफ लर्निंग सुदामडीह के पूर्व प्राचार्य जेके सरकार ( फाइल फोटो)।

धनबाद/ चासनाला, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update  इंडियन स्कूल ऑफ लर्निंग (आईएसएल) सुदामडीह के पूर्व प्रचार व सलाहकार जुगल किशोर सरकार उर्फ जेके सरकार का निधन हो गया है। धनबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया है। वे कई बीमारियों के साथ कोरोना संक्रमित हो गए थे। उनके निधन से पूरा स्कूल परिवार में मर्माहत है। विद्यालय सचिव राजीव कुमार सिंह, प्राचार्य संतोष कुमार राम के अलावे शिक्षक, शिक्षिकाओं व विद्यालय कर्मचारियों ने स्वर्गीय सरकार के निधन पर अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय के सचिव राजीव ने कहा कि स्व. सरकार कुशल प्राचार्य, मृदुभाषी व्यवहार व योग्य शिक्षक थे। जो लंबे समय से अपने अंत समय तक विद्यालय से जुड़े रहे। वर्ष 2003 में विद्यालय के प्राचार्य बने। उन्होंने विद्यालय को दसवीं के बाद 11वीं व 12वीं तक पहुंचाने में अहम योगदान निभाया। उनके निधन से विद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता है। स्व. सरकार अपने पीछे पत्नी चंद्रा सरकार, पुत्री, दामाद सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

कोरोना वायरस से संक्रमित 5 लोगों की इलाज के दौरान माैत

धनबाद में कोरोना वायरस की दूसरी लहर में संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को जिले में 151 संक्रमित मरीज मिले। जबकि पिछले 24 घंटे के दाैरान कोरोना वायरस के कारण 5 मरीजों ने दम तोड़ दिया। सिंदरी का एक, तोपचांची के कंडेडीह का एक, गोविंदपुर के कर्माटांड़ और नगर कियारी के एक- एक लोगों की जान गई। वही राहत देने वाली बात रही कि 88 मरीजों ने कोरोना से जंग जीतकर अपने घर लौटे।

हीरापुर में एक जगह से मिले 25 संक्रमित

हीरापुर के मास्टर पाड़ा में एक ही जगह से 25 संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया है। यहां पहले संक्रमित मरीज मिलने के बाद विशेष जांच अभियान चलाया गया था। कई लोग इसमें एक ही परिवार के संक्रमित हुए हैं। संक्रमित मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कोरोना को मात देकर 88 डिस्चार्ज

सोमवार को विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती 88 व्यक्तियों ने कोरोनावायरस को हराया है और सभी पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल से सभी को हेल्थ किट तथा नेगेटिव रिपोर्ट प्रदान कर डिस्चार्ज कर 14 दिनों के होम क्वारंटाइन में उनके घर भेज दिया गया है। साथ ही होम क्वारंटाइन की अवधि में कोविड 19 गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करनेे, समय पर दवाइयां लेनेे, पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई है।

chat bot
आपका साथी