UP Election 2022: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का दावा-सभी विरोधी एकजुट हो जाय तो भी भाजपा को दो तिहाई बहुमत

UP Election 2022 केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने पिछली सरकारों के कामकाज को नजदीक से देखा है। तब उत्तर प्रदेश में क्या होता था सब जानते हैं। पांच सालों से उत्तर प्रदेश के लोग विकासशील सरकार देख रहे हैं।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 08:52 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 10:10 PM (IST)
UP Election 2022: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का दावा-सभी विरोधी एकजुट हो जाय तो भी भाजपा को दो तिहाई बहुमत
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य ( फाइल फोटो)।

संवाद सहयोगी, गोविंदपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने यूपी में विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर बड़ी बात कह दी है। उनका दावा है कि सभी विरोधी दल एकजुट हो जाए तब भी भाजपा की जीत होगी। भाजपा दो तिहाई बहुतम प्राप्त कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा है कि सपा, बसपा, कांग्रेस समेत तमाम विरोधी दलों के पास कुछ करने और कहने के लिए नहीं हैं। उनका सिर्फ एक ही काम है-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करना। इस बात को जनता अच्छी तरह समझ गई है। अब की यूपी की जनता जातिवादी राजनीति से बहुत आगे निकल गई है। विकास और राष्ट्रवाद के साथ चलेगी।

धनबाद के गोविंदपुर में हुआ यूपी के भाजपा नेताओं का जुटान

धनबाद के गोविंदपुर में बुधवार की रात यूपी के भाजपा नेताओं का जुटान हुआ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य, यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय सहकारिता मंत्री बीएल वर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता माैजूद थे। ये सभी भाजपा के उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल के भाई राकेश बंसल के पुत्र पियूष बंसल का विवाह समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। कोलकाता निवासी निरंजन लाल गोयल की पुत्री शिखा के साथ विवाह हुआ। यूपी के भाजपा नेताओं के यहां पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद धनबाद के कई भाजपा नेता पहुंचे। मुलाकात कर शुभकामनाएं दी।

भाजपा किसानों के साथ, विपक्ष कर रहा राजनीति

मीडिया के बात करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी विरोधी दल एकजुट हो जाय तो भी विधानसभा चुनाव में भाजपा को दो तिहाई बहुमत मिलेगा। पिछली बार भाजपा को जितनी सीटें मिली थी, इस बार भी वही परिणाम होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा किसानों के साथ रही है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद किसान हित में कई दूरगामी फैसले लिए गए हैैं। केंद्र का उद्देश्य पवित्र है। इसलिए किसानों से माफी मांगते हुए तीनों कानून वापस लिए गये। किसानों की उपेक्षा करना अथवा उनकी इच्छा के विपरीत काम करना भाजपा की मंशा नहीं है। भाजपा हमेशा किसान हित की पक्षधर रही है।

यूपी की जनता ने भाजपा सरकार बनाने का फिर से बनाया मन

केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने पिछली सरकारों के कामकाज को नजदीक से देखा है। तब उत्तर प्रदेश में क्या होता था, सब जानते हैैं। पांच सालों से उत्तर प्रदेश के लोग विकासशील सरकार देख रहे हैैं। सुशासन, विकास और गरीबी उन्मूलन के लिए उत्तर प्रदेश के लोग भाजपा की सरकार को वापस लाएंगे। जनता ने मन बना लिया है। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में यूपी का संपूर्ण विकास हुआ है। यह सिलसिला जारी रहेगा। वहां धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने उत्तर प्रदेश से आए तीनों राजनेताओं का स्वागत किया।

अपना दल समेत कई छोटी पार्टियों से गठबंधन होगा

उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अपना दल समेत कई छोटी पार्टियों से गठबंधन किया जाएगा। भाजपा गठबंधन की टक्कर में कोई नहीं है। यकीन मानिए, भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा।

मोदी और योगी सरकार का वास्तव में कोई जोड़ नहीं

केंद्रीय सहकारिता मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि मोदी और योगी सरकार का वास्तव में कोई जोड़ नहीं है। दोनों सरकारों का मुख्य लक्ष्य विकास है। यूपी की जनता विकास के साथ है। चुनाव बाद भाजपा की सरकार रिपीट होगी।

chat bot
आपका साथी