Dhanbad Coronavirus News Update: माैत का ग्राफ 200 के पार, एक्टिव केसों की संख्या 1426; जानें ताजा हाल

Dhanbad Coronavirus News Update धनबाद में गुरुवार को 11 कोरोना संक्रमितों की माैत हो गई। इसी के साथ धनबाद में मरने वालों की संख्या 200 से ऊपर पहुंच गई है। अब तक 204 लोगों की कोरोना से माैत हो चुकी है।

By MritunjayEdited By: Publish:Fri, 30 Apr 2021 08:50 AM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 03:00 PM (IST)
Dhanbad Coronavirus News Update: माैत का ग्राफ 200 के पार, एक्टिव केसों की संख्या 1426; जानें ताजा हाल
धनबाद में कोरोना से माैत का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा ( प्रतीकात्मक फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update: कोरोना की दूसरी लहर जान पर बन आई है। पहली लहर की अपेक्षा में धनबाद में दूसरी लहर में ज्यादा संख्या में लोग मर रहे हैं। धनबाद में गुरुवार को कोरोना से 11 लोगों की माैत हो गई। यह धनबाद में एक दिन में कोरोना से माैत का नया रिकॉर्ड है।  इसी के साथ मरने वालों की संख्या 200 से पार हो गई है। अब तक 204 लोगों की कोरोना से माैत हो चुकी है। जिन 11 लोगों की माैत हुई उनमें धनबाद कोर्ट मोड़, हीरापुर, कोला कुसमा,कुसुंडा, लूबी सर्कुलर रोड, पुराना बाजार, भागा, सिंदरी, पंचेत के एक-एक व रेलवे कॉलोनी के लोगो शामिल हैं। गुरुवार को धनबाद में 129 नए कोरोना संक्रमित केस भी मिले। अब धनबाद में एक्टिव केस की संख्या 1426 हो गई है।

129 नए पॉजिटिव केस

धनबाद में गुरुवार को 129 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें सर्वाधिक हीरापुर में 10 पॉजिटिव मिले। हॉट स्पॉट में बैंकमोड़-8, बरटांड़-4, सरायढेला-6, सिंदरी-5 व शीतलपुर मनीडीह-5 भी रहे। एसएनएमएमसीएच में आरटीपीसीआर से जांच में 21 लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं विभिन्न सरकारी अस्पतालों में ट्रू नाट जांच से 54 व रैपिड किट से जांच में 53 पॉजिटिव पाए गए। निजी अस्पतालों में आरटीपीसीआर जांच से भी एक को पॉजिटिव पाया गया है।

सेंट्रल अस्पताल के सीएमएस भी हुए संक्रमित

बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके ठाकुर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उनकी पत्नी भी पॉजिटिव बताई जा रही हैं। दोनों फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। डॉ. ठाकुर आइसोलेशन में रहते हुए ही ऑनलाइन केंद्रीय अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। गुरुवार को दोनों ने चेस्ट का सीटी स्कैन भी कराया है।

138 ने कोरोना को दी मात

गुरुवार को कोरोना वायरस को हराकर 138 व्यक्ति स्वस्थ हुए हैं।उपायुक्त सह अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार उमा शंकर सिंह ने बताया कि गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 115 व होम आइसोलेशन में 23 व्यक्तियों ने कोरोना वायरस को हराया है। अस्पताल से सभी को हेल्थ किट प्रदान कर सम्मान के साथ डिस्चार्ज कर 14 दिनों के होम कोरेंटिन में उनके घर भेज दिया गया है।

195 बस यात्रियों की जांच में शून्य पॉजिटिव

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को रोकने के उद्देश्य से धनबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रू नेट व आरटीपीसीआर से यात्रियों की जांच करवाई जा रही है। गुरुवार को 1005 यात्रियों की जांच की गई। इनमें 12 यात्री पॉजिटिव मिले। हालांकि बस अड्डे पर चलाए गए जांच अभियान में हमेशा की तरह गुरुवार को भी कोई पॉजिटिव नहीं मिला। यहां 195 यात्रियों की जांच की गई। सभी नेगेटिव मिले।

सैनिटाइजेशन के लिए सांसड ने डीसी को लिखा पत्र

सांसद पीएन सिंह ने गुरुवार को उपायुक्त को पत्र लिखकर कोरोना हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित जगहों का सैनिटाइजेशन कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि जहां अधिक पॉजिटिव मिल रहे हैं वहां के लोग भयाक्रांत हैं। वहां से वायरस का प्रभाव कम करने के लिए पूरे इलाके को सैनिटाइज कराया जाए और शिविर लगाकर लोगों की जांच करवाई जाए। हीरापुर, बैंकमोड़, जामाडोबा, डिगवाडीह, सरायढेला, बरटांड़, स्टील गेट ऐसे हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित हैं।वहीं सांसद ने उपायुक्त से निजी अस्पतालों व क्लीनिकों पर भी लगाम लगाने की मांग की। कहा कि इनके लिए भर्ती करने, दवा, इंजेक्शन, बेड, ऑक्सीजन की दर तय की जाए। इससे अधिक लेने पर कार्रवाई की जाए। ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि निजी अस्पताल एक दिन भर्ती करने का भी मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं। बता दें कि एक अस्पताल ने 30 हजार रुपये एक दिन का शुल्क बताया था।

chat bot
आपका साथी