Dumka Crime News: मां के साथ सोई किशोरी की हत्या कर लगाई आग, आंगन में जाकर रूका खोजी कुत्ता

Dumka Crime News किशोरी के पिता की दस साल पहले मौत हो चुकी है। घर में वह उसकी विधवा मां और एक भाई रहता है। भाई अक्सर घर से बाहर ही रहता है। घटना की रात किशोरी घर के आंगन में खाट पर और मां जमीन में सोई हुई थी।

By MritunjayEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 05:58 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 06:21 PM (IST)
Dumka Crime News: मां के साथ सोई किशोरी की हत्या कर लगाई आग, आंगन में जाकर रूका खोजी कुत्ता
हत्या के बाद किशोरी के शव में आग लगा दी।

शिकारीपाड़ा, जेएनएन। झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कजलादाहा गांव में शनिवार की रात अज्ञात लोगों ने 13 साल की किशोरी की हत्या कर दी और शव को केरोसिन डालकर जला दिया। किशोरी शोर नहीं मचा सके, इसलिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। रविवार की सुबह पुलिस ने घर के अंदर जाने वाली गली से किशोरी का जला हुआ शव बरामद किया। हत्यारे तक पहुंचने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ता की मदद ली लेकिन वह आंगन से ज्यादा दूर नहीं जा सका। पुलिस दुष्कर्म की संभावना से इंकार नहीं कर रही है। पुलिस को शक है कि घर के किसी सदस्य के सहयोग इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। मां के बयान पर अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। 

पिता की दस साल पहले हो चुकी माैत

किशोरी के पिता की दस साल पहले मौत हो चुकी है। घर में वह उसकी विधवा मां और एक भाई रहता है। भाई अक्सर घर से बाहर ही रहता है। घटना की रात किशोरी घर के आंगन में खाट पर और मां जमीन में सोई हुई थी। रात को हत्यारे घर में दाखिल हुए और किशोरी के मुंह में कपड़ा भरकर आंगन की ओर जाने वाली गली में ले गए और केरोसिन डालकर आग लगा दी। रोशनी होने पर मां ने आकर देखा तो किशोरी जल रही थी। रात को ही पुलिस को सूचना दी गई। रविवार की सुबह छह बजे थाना प्रभारी सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया। मां ने पुलिस को बताया कि रात को कब क्या हुआ, उसे पता नहीं है। रोशनी होने पर गली में आकर देखा तो बेटी जल रही थी।

घर के किसी सदस्य पर पुलिस को शक

सूचना मिलने पर डीएसपी विजय कुमार खोजी कुत्ता के साथ गांव पहुंचे और जांच की। कुत्ता घर के अंदर आंगन में जाकर रूक गया। आंगन में भी पुलिस को केरोसिन गिरा होने का प्रमाण मिला है। जिस तरह से मां ने पुलिस को बयान दिया है, उससे पुलिस को उस पर ही शक है। फिलहाल महिला को थाना लाकर पूछताछ भी की गई। अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि किशोरी को किसने मारा है और किस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस दुष्कर्म के नजरिए से भी घटना को जोड़कर देख रही है।

वारदात में घर के ही किसी सदस्य के शामिल होने का शक है। दुष्कर्म से इंकार नहीं किया जा सकता है। किशोरी को खाट से उठाकर गली में लाया गया और फिर मारकर आग लगा दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद काफी हद तक मामले का खुलासा हो जाएगा।

-विजय कुमार डीएसपी दुमका

chat bot
आपका साथी