डकैतों पर भारी पड़ा किराना दुकानदार का साहस, गोली लगने के बाद भी एक को दबोचा Dhanbad News

किराना दुकानदार संतोष सिंह ने बताया कि दो वर्ष पूर्व भी डकैतों ने दो बार घर में डकैती का प्रयास किया था। उस समय भी संतोष और उनके परिजनों ने डकैतों के मंसूबे का विरोध कर उसे विफल कर दिया था ।

By MritunjayEdited By: Publish:Sun, 25 Apr 2021 11:16 AM (IST) Updated:Sun, 25 Apr 2021 11:26 AM (IST)
डकैतों पर भारी पड़ा किराना दुकानदार का साहस, गोली लगने के बाद भी एक को दबोचा Dhanbad News
पुलिस की गाड़ी में बेसुध पड़ा कतरास का डकैत सलीम अंसारी ( फोटो जागरण)।

झरिया, जेएनएन। धनबाद के अलकडीहा ओपी क्षेत्र के साउथ तिसरा बेल धौड़ा स्थित सुरुंगा तालाब के पास शनिवार की देर रात हथियार से लैस डकैतों ने किराना दुकानदार संतोष सिंह के घर पर धावा बोला। गृहस्वामी संतोष व उनके परिवार के तीन सदस्यों को पीटकर जख्मी कर दिया। छह हजार नकद सहित चार हजार के समान लूट कर जाने को तैयार थे। इसी बीच संतोष डकैतों से भिड़ गए। डकैतों ने गोली चलाई। एक गोली संतोष को लगी। इस बाद संतोष के परिवार वालों ने साहस का परिचय देकर एक डकैत को धर दबोचा। शेष डकैत सामान लेकर भाग खड़े। पकड़े गए डकैत की स्थानीय लोगों ने जमकर ठुकाई की।  

संतोष का एसएनएमएमसीएच में चल रहा इलाज

जख्मी संतोष को परिवार व स्थानीय लोगों ने एसएनएमएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया। लोगों ने अलकडीहा ओपी पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर पकड़े गए डकैत हैदर उर्फ सलीम अंसारी कतरास निवासी को कब्जे में लिया। संतोष के परिवार वालों ने कहा कि आधा दर्जन डकैत डकैती को अंजाम देने के लिए आए थे। पकड़ा गया डकैत सलीम ने  फरार हुए सभी डकैतों  के नाम और ठिकाना पुलिस को बताया है। एक डकैत स्थानीय गोल्डेन पहाड़ी धौड़ा का रहनेवाला बताया जाता है। घटनास्थल से पुलिस ने एक गोली का खोखा बरामद किया है । पुलिस फरार डकैतों की गिरफ्तारी के लिए रात से ही उसके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है । सूचना पाकर पंचायत की मुखिया ललिता देवी, मुखिया प्रतिनिधि सनातन रविदास पहुंचकर घटना की जानकारी ली। अलकडीहा ओपी पुलिस और सबंधित अधिकारियों को घटना की विस्तृत जानकारी दी । सिंदरी के डीएसपी एके सिन्हा और जोड़ापोखर थाना के इंस्पेक्टर उमेश प्रसाद सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। 

पूर्व मे भी दो बार संतोष के घर पर डकैती का हो चुका है प्रयास

संतोष ने बताया कि दो वर्ष पूर्व भी डकैतों ने दो बार  घर में डकैती का प्रयास किया था। उस समय भी संतोष और उनके परिजनों ने डकैतों के मंसूबे का विरोध कर उसे विफल कर दिया था । संतोष के परिवार वालों ने अलकडीहा ओपी पुलिस से फरार डकैतों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है। बेल धौड़ा  में किराना दुकानदार के घर डकैती की घटना से आसपास के लोगों में भय व्याप्त है।

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह छापामारी कर रही है। जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-आरके शर्मा, अलकडीहा ओपी प्रभारी।

chat bot
आपका साथी