Cyclone Jawad Latest Updates: तटीय क्षेत्रों में तबाही मचाएगा जवाद, जानें कितना प्रभावित होगा धनबाद

Cyclone Jawad Latest Updates मानसून के अध्ययनकर्ता डा. एसपी यादव के अनुसार चक्रवात का ज्यादा प्रभाव ओडिशा और बंगाल में दिखेगा। झारखंड के जमशेदपुर और आसपास के हिस्से में भी तूफान भारी बारिश करा सकता है। धनबाद तूफान के अल्प प्रभाव वाले बाहरी हिस्से में पड़ रहा है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 06:48 AM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 10:18 AM (IST)
Cyclone Jawad Latest Updates: तटीय क्षेत्रों में तबाही मचाएगा जवाद, जानें कितना प्रभावित होगा धनबाद
चक्रवाती तूफान ओडिशा तट से टकराएगा ( प्रतीकात्मक फोटो)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। समुद्री तूफान जवाद के बादल गुरुवार से ही धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा समेत पूरे झारखंड में आने लगे थे। शुक्रवार शाम तक इसका प्रभाव और अधिक दिखा। आज शनिवार को जवाद ओडिशा तट से टकराएगा। इसके बाद इसका असर देखने को मिलेगा। तेज हवा के साथ झारखंंड में भी बारिश शुरू हो सकती है। रविवार को धनबाद में पूरे दिन थम-थम कर बारिश होती रहेगी। छह दिसंबर दोपहर तक बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने का अनुमान है। इस दौरान बीच-बीच में तेज हवाएं भी चलेंगी। दूसरी तरफ जवाद के प्रभाव से निपटने के लिए प्रशासन ने भी तैयारी है। इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तूफान का दिखेगा ज्यादा असर

मानसून के अध्ययनकर्ता डा. एसपी यादव के अनुसार चक्रवात का ज्यादा प्रभाव ओडिशा और बंगाल में दिखेगा। झारखंड के जमशेदपुर और आसपास के हिस्से में भी तूफान भारी बारिश करा सकता है। धनबाद तूफान के अल्प प्रभाव वाले बाहरी हिस्से में पड़ रहा है। इस वजह से यहां तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। तबाही मचाने जैसी परिस्थिति धनबाद में नहीं रहेगी। तूफान के कारण धनबाद में पांच दिसंबर को दिनभर थम-थम कर बारिश होती रहेगी। धनबाद के साथ-साथ जामताड़ा समेत उत्तर पूर्व जिलों में भी पांच दिसंबर को दिनभर बारिश की संभावना जताई गई है।

दिन में ज्यादा लगेगी ठंड, रात का चढ़ेगा पारा

समुद्री बादलों के आने से धनबाद के तापमान में भी बदलाव होगा। रात के तापमान में तीन से चार डिग्री तक बढ़ोतरी होगी। वर्तमान में 14 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों में 17 से 18 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे रात में ठंड कम रहेगी। दूसरी ओर, बारिश की वजह से दिन में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। 29-30 पर पहुंचा दिन का तापमान 26 डिग्री पर रहने का अनुमान है। इससे दिन में ठंडक ज्यादा महसूस होगी।

बारिश थमते ही आएगी कड़ाके की ठंड, 8 डिग्री पर पहुंचेगा पारा

सात दिसंबर से मौसम साफ हो जाएगा। मौसम साफ होते ही कड़ाके की ठंड दस्तक देगी। मौसम विभाग ने दिसंबर के पहले पखवाड़े तक मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक तीन से नौ दिसंबर के दौरान अधिकतम तापमान 20 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है और न्यूनतम तापमान 10 से 19 डिग्री के बीच रहेगा। 10 से 16 दिसंबर के दौरान अधिकतम तापमान 22 से 30 के बीच रहने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ेगी।

chat bot
आपका साथी