DMC: नगर निगम ने बनाया मानसून प्लान, हर गली मोहल्ले की सफाई करेगा गैंग

DMC नगर निगम की नाली सफाई अभियान में कई चीजें निकलकर आ रही हैं। किसी ने नाली का अतिक्रमण कर घर और बाउंड्री बना ली तो किसी ने दुकान खोल दी। डीआरएम कार्यालय के सामने ग्रीन व्यू पेट्रोल पंप के पास नाली में बिजली की तार बिछा दी गई है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 09:58 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 10:11 AM (IST)
DMC: नगर निगम ने बनाया मानसून प्लान, हर गली मोहल्ले की सफाई करेगा गैंग
धनबाद नगर निगम कार्यालय ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। मानसून को देखते हुए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। चक्रवात यास में जिस तरह से नगर निगम ने क्विक रिस्पांस टीम गठित की थी, उसी तर्ज पर निगम के प्रत्येक अंचल में टीम काम करेगी। नगर आयुक्त ने इसे निगम की गैंग नाम दिया है। एक साथ, एक जगह 50 से 60 सफाई कर्मी तैनात होंगे और साफ-सफाई करेंगे। बरसात में नालियां जाम होने की स्थिति में निगम की मशीन पानी निकालने का काम करेगी।

जलभराव की समस्या से मिलेगा निजात

धनबाद नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम का गैंग हर गली मोहल्ले की सफाई करेगा। जलभराव की समस्या से लोगों निजात दिलाएगा। मानसून को देखते हुए नगर निगम ने क्विक रिस्पांस टीम बनाई है। प्रत्येक अंचल यानी धनबाद, सिंदरी, कतरास, झरिया और छाताटांड़ में 60 सफाई कर्मी और निगम कर्मी तैनात रहेंगे। चक्रवात यास की तर्ज पर टीम काम करेगी। सूचना मिलने पर तुरंत टीम मौके पर पहुंच जाएगी। जहां भी सड़क नाली जाम मिला, उसी दिन होगी सफाई। अगले दिन के लिए टाला नहीं जाएगा। इसी टीम की मॉनीटरिंग खुद नगर आयुक्त करेंगे।

डीआरएम कार्यालय के पास नाली में डाल दी बिजली की तार

नगर निगम की नाली सफाई अभियान में कई चीजें निकलकर आ रही हैं। किसी ने नाली का अतिक्रमण कर घर और बाउंड्री बना ली तो किसी ने दुकान खोल दी। डीआरएम कार्यालय के सामने ग्रीन व्यू पेट्रोल पंप के पास नाली में बिजली की तार बिछा दी गई है। इसकी वजह से यहां हर बरसात में जाम की स्थिति बन जाती है। नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ऐसी स्थिति हमेशा रहेगी। इसकी वजह से नाली जाम है। पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इसी तरह श्रमिक चौक के पास गया पुल के नीचे दोनों तरफ उंचाई है। आसपास कहीं भी जल निकासी का उपाय नहीं है। इसीलिए यहां भी अक्सर जलभराव हो जाता है।

chat bot
आपका साथी