बड़ी लापरवाही : कोरोना पॉजिटिव गवाह पुलिस कस्टडी से फरार, दो एएसआइ को किया गया क्वारंटाइन

कोरोना पॉजिटिव अपहरण मामले का एक गवाह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इसके बाद उसे लेकर जांच के लिए सदर अस्पताल गए दो एएसआइ को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Thu, 09 Jul 2020 01:17 PM (IST) Updated:Thu, 09 Jul 2020 01:17 PM (IST)
बड़ी लापरवाही : कोरोना पॉजिटिव गवाह पुलिस कस्टडी से फरार, दो एएसआइ को किया गया क्वारंटाइन
बड़ी लापरवाही : कोरोना पॉजिटिव गवाह पुलिस कस्टडी से फरार, दो एएसआइ को किया गया क्वारंटाइन

धनबाद, जेएनएन। कोरोना पॉजिटिव अपहरण मामले का एक गवाह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। उसे लेकर जांच के लिए सदर अस्पताल गए दो एएसआइ को क्वारंटाइन कर दिया गया है। यह मामला साहिबगंज जिले के राधानगर थाने का है। यहां दर्ज अपहरण के एक मामले का गवाह कोरोना पॉजिटिव निकल गया। इसके पहले ही वह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया।

राधानगर थाना प्रभारी ब्रजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि राधानगर थाना में दर्ज अपहरण मामले में बालूग्राम के एक युवक को पुलिस ने पाकुड़ से हिरासत में लिया था। न्यायिक दंडाधिकारी राजमहल की न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने से पहले एहतियात के तौर पर कोरोना टेस्ट के लिए उसे सदर अस्पताल साहिबगंज ले जाया गया। सदर अस्पताल में उसका सैंपल लिया गया। सैंपल देने के बाद दोनों पुलिस कर्मी उसे लेकर लौट रहे थे। एसपी कोठी के पास वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया। बाद में उसकी रिपोर्ट भी पाजीटिव आ गयी।

इसके बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद राधानगर थाना में पदस्थापित दो एएसआइ को तुरंत क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया गया। आरोपित का घर राधानगर थाना क्षेत्र के बालुग्राम में है, लेकिन वह पाकुड़ में रहता था। अब उसकी कान्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। उसके घर के सभी सदस्य तथा पाकुड़ के ठिकाने को भी चिन्हित किया गया है। सभी को क्वारंटाइन किया जाएगा। वहीं राधानगर थाने को सैनिटाइज किया गया।

chat bot
आपका साथी