कोयलांचल में बदला मौसम का मिजाज, बढ़ते ठंड से बचने को दिन में ही निकले स्वेटर-जैकेट Dhanbad News
कोयलांचल के मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे जिससे ठंढ़ बढ़ गई है। इससे बचने को लोगों ने स्वेटर और जैकेट निकाल लिया है।
धनबाद/देवघर, जेएनएन। कोयलांचल के मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। शुक्रवार को सुबह से ही यहां आसमान में बादल छाए रहे और बूंदा बांदी के आसार भी बने हुए है। ठंड बढ़ने से दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। धनबाद में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री तो न्यूनतम 16 रहने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरानट आने की उम्मीद है।
बाबा नगरी देवघर का मौसम पिछले दो दिनों में बदला है। देवघर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहने की उम्मीद है। शीतलहर का असर भी महसूस किया जा रहा है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली, जिस कारण दिन में भी अन्य दिनों की तुलना में ठंड अधिक महसूस की गई। ऐसे में आने वाले दिनों में शीतलहर का प्रकोप बढऩे की उम्मीद भी जताई जा रही है।
बदलते मौसम में बीमार पड़ने का भी बढ़ा खतरा
इधर, धनबाद में अचानक मौसम में परिवर्तन आने के कारण लोगों ने ठंड से बचने के लिए दिन में ही स्वेटर और जैकेट निकाल लिए। लोग फूल स्वेटर-जैकेट एवं शॉल में नजर आए। वहीं, इस बदलते मौसम में बीमार पड़ने का भी खतरा बढ़ जाता है। इस बारे में डॉ. आर एन प्रसाद ने बताया कि ऐसे मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार, गले के संक्रमण जैसी बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग गरम कपड़ा पहने, नाक, कान व गला को ठीक से ढककर बाहर निकले।
गरम पानी में नमक डालकर गलाला करना गले के लिए बेहतर
डॉ. प्रसाद ने लोगों को ताजा व गरम खाना खाने की सलाह दी। साथ ही ठंडी चीजों का सेवन नहीं करने को कहा। अगर संभव हो तो पानी भी गुनगुना करके पीएं। वहीं गरम पानी में नमक डालकर गलाला करना गले के लिए बेहतर रहेगा। रात को जहां तक संभव हो घर से बाहर न निकलें। अगर तबीयत ज्यादा खराब लग रही हो तो किसी चिकित्सक की सलाह ले।