झारखंड के हर जिले में खुलेगा एक मॉडल स्कूल, अपने विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री ने की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की घोषणा

मुख्यमंत्री ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि अभी कोरोना वायरस का पूरी तरह खात्मा नहीं हुआ है। सो सावधान रहें। कोरोना के कारण हम लोगों ने हाजी साहब को खो दिया। जगरनाथ महतो कई महीने तक कोरोना से लड़ते रहे। अब ठीक हुए हैं।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 06:04 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 06:04 AM (IST)
झारखंड के हर जिले में खुलेगा एक मॉडल स्कूल, अपने विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री ने की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की घोषणा
लाभुक को चेक प्रदान करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ( फोटो जागरण)।

बरहेट, जेएनएन। झारखंड के हर जिले में एक मॉडल स्कूल खुलेगा। जल्द ही बिजली संकट भी दूर होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को ये बातें कहीं। वह अपने विधानसभा क्षेत्र बरहेट के अकिताजोर में बनने वाले 100 मेगावाट क्षमता के पावर ग्रिड का बरहेट हाईस्कूल मैदान से ऑनलाइन शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किताजोर में 100 मेगावाट का पावर ग्रिड बनने के बाद बिजली के संकट से निजात मिल जाएगी। 55 सौ किलोमीटर बिजली की लाइन बिछाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा को लेकर बड़ी घोषणा की। कहा-शिक्षा जरूरी है। राज्य के हर जिले में एक मॉडल स्कूल बनाया जाएगा। वहां सीबीएसई के पाठ्यक्रम के मुताबिक 12वीं तक की पढ़ाई होगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बरहेट को जल्द अनुमंडल का दर्जा दिया जाएगा।  शिलान्यास समारोह में हेमंत ने कहा कि लंबे समय से इस इलाके के लोग मोमबत्ती एïवं लालटेन के भरोसे ही थे। विद्युत ग्रिड बन जाएगा तो सुदूर गांवों में 24 घंटे बिजली मिलेगी। निकट भविष्य में सड़क और पानी जैसी मूलभूत जरूरतों पर भी बड़ा काम होगा। राष्ट्रीय बालिका दिवस की चर्चा करते हुए कहा कि बेटियों को स्कूल जरूर भेजिए। चाईबासा की छह साल की बेटी को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। मामला संज्ञान में आया तो रांची में उसे मुक्त कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार ने 15 लाख अतिरिक्त राशन कार्ड का वितरण किया। साढ़े तीन लाख से बढ़ाकर छह लाख लोगों को पेंशन देना शुरू किया गया है। गरीबों के लिए और काम होंगे। समारोह को ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, ऊर्जा सचिव अविनाश कुमार ने भी संबोधित किया। समारोह में विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार मौजूद रहे।  

कोरोना से सावधान रहें हाजी साहब को खो दिए 

हेमंत ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि अभी कोरोना वायरस का पूरी तरह खात्मा नहीं हुआ है। सो, सावधान रहें। कोरोना के कारण हम लोगों ने हाजी साहब को खो दिया। जगरनाथ महतो कई महीने तक कोरोना से लड़ते रहे। अब ठीक हुए हैैं। इसलिए बेहद जरूरी है कि तनिक भी लापरवाही नहीं करें।

chat bot
आपका साथी