Jharkhand Municipal Elections 2021: चुनाव से पहले ही भोलू मैदान से बाहर, शेखर और रीता की संभावना बरकरार

Jharkhand Municipal Elections 2021 मेयर पदों के लिए आरक्षण कोटि की अधिसूचना शुक्रवार ( 30 जुलाई 2021) को राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड कार्यालय की ओर से जारी की गई। इसके अनुसार धनबाद में मेयर का पद ओबीसी चास में महिला और देवघर में सामान्य के लिए आरक्षित होगा।

By MritunjayEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 05:36 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 08:34 AM (IST)
Jharkhand Municipal Elections 2021: चुनाव से पहले ही भोलू मैदान से बाहर, शेखर और रीता की संभावना बरकरार
भोलू पासवान, रीता राज खवाड़े और चंद्रशेखर अग्रवाल ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Municipal Elections 2021 धनबाद, देवघर और चास नगर निगम के मेयर का चुनाव लड़ने के लिए आरक्षण कोटि को बेसब्री से इंतजार कर रहे बहुतों को झटका लगा है। आरक्षण कोटि की सूची जारी होने के बाद कुछ के लिए रास्ता खुला है तो कुछ से लिए बंद हो गया है। नगर निगम चुनाव से पहले ही चास के मेयर भोलू पासवान मैदान से बाहर हो गए हैं। इसी तरह देवघर की मेयर रीता राज खवाड़े के लिए भी रास्ता बंद हो गया है। धनबाद के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल भाग्यशाली रहे हैं। वे अगला चुनाव लड़ सकते हैं।

कोरोना के कारण लंबित है झारखंड में नगरपालिका चुनाव

झारखंड में नगर-निकाय का चुनाव मई-2020 में होना था। कोरोना की पहली लहर उठने के बाद चुनाव अगले आदेश तक टाल दिया है। एक साल से ज्यादा समय से निर्वाचित जनप्रतिनिधि के स्थान पर धनबाद, चास और देवघर नगर निगम में अधिकारी शासन चला रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर थमने के बाद एक बार फिर से झारखंड में नगरपालिका चुनाव कराने की तैयारी जोरों पर है। प्रशासनिक तैयारी पूरी हो चुकी है। हालांकि अब तक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। सबको तारीख घोषित होने का इंतजार है।

  

धनबाद ओबीसी, चास महिला और देवघर सामान्य के लिए आरक्षित

मेयर पदों के लिए आरक्षण कोटि की अधिसूचना शुक्रवार ( 30 जुलाई, 2021) को राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड कार्यालय की ओर से जारी की गई। इसके अनुसार धनबाद में मेयर का पद ओबीसी, चास में महिला और देवघर में सामान्य के लिए आरक्षित होगा। धनबाद पहले से ओबीसी था। यहां कोई बदलाव नहीं किया गया। जबकि चास अनुसूचित जाति ( SC) और देवघर महिला के लिए आरक्षित था।

चुनाव से पहले चास के मेयर भोलू पासवान आउट

चास नगर निगम ( Chas Municipal Corporation Mayor Reservation)  का चुनाव 2015 में हुआ था। भोलू पासवान मेयर निर्वाचित हुए थे। तब मेयर का पद एससी के लिए आरक्षित था। अब चास में मेयर पद महिला के लिए आरक्षित है। जाहिर है भोलू चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। चुनाव से पहले मैदान से बाहर हो गए हैं।

 

रीता चाहें तो लड़ सकती चुनाव

देवघर नगर निगम में मेयर पद ( Deoghar Municipal Corporation Mayor Reservation) सामान्य ( अनारक्षित) कर दिया गया है। पहले महिला था। 2015 के चुनाव में रीता राज खवाड़े निर्वाचित हुई थीं। अब सामान्य होने के बाद भी रीता चुनाव लड़ सकती हैं। सामान्य में महिला के चुनाव लड़ने पर रोक नहीं है। हालांकि अब इसका फैसला रीता के पति राज नारायण खवाड़े करेंगे। खवाड़े साल 2010 में देवघर के मेयर चुने गए थे। 2015 में महिला के लिए आरक्षित होने के बाद खुद न लड़ पत्नी को चुनाव लड़ाया और जिताया।

 

भाग्यशाली निकले चंद्रशेखर अग्रवाल

धनबाद नगर निगम ( Dhanbad Municipal Corporation Mayor Reservation) के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल को राजनीतिक रूप से भाग्यशाली कह सकते हैं। क्योंकि चास और देवघर की आरक्षण कोटि में बदलाव करते हुए धनबाद को छोड़ दिया गया। 2015 में धनबाद ओबीसी था और इस बार भी ओबीसी ही कर दिया गया है। जाहिर है अग्रवाल अगला चुनाव लड़ सकते हैं।

chat bot
आपका साथी