Dhanbad Wather Alert: झारखंड के रास्ते गुजर रहे मानसूनी बादल, जानें किन-किन जिलों में बरसेंगे बदरा

Dhanbad Wather Alert मौसम विभाग की मानें तो मानसूनी बादलों का जत्था अभी झारखंड होकर गुजर रहा है। बादलों की श्रृंखला झारखंड से बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य की ओर बढ़ रही है। झारखंड के साथ-साथ ओडिशा के तटीय इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 16 Aug 2021 06:58 AM (IST) Updated:Mon, 16 Aug 2021 07:06 AM (IST)
Dhanbad Wather Alert: झारखंड के रास्ते गुजर रहे मानसूनी बादल, जानें किन-किन जिलों में बरसेंगे बदरा
धनबाद के आसमान में मंडरा रहे बादल ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। सावन महीने का आज अंतिम सोमवार है। धनबाद का माैसम सुबह से ही सुहाना बना हुआ है। आसमान में काले-काले बादल उमड-घूमड़ रहे हैं। थोड़ी देर में ये अपना असर दिखा सकते हैं। 15 अगस्त को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और थम-थम कर फुहारें बरसती रहीं। आसमान में बादलों की आवाजाही होती रही पर शाम के बाद बारिश नहीं हुई। 16 अगस्त को सुबह से बादल छाए हुए हैं। दिन चढ़ने के साथ धूप खिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने उत्तर पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। धनबाद उत्तर पूर्वी जिलों का हिस्सा है। इसके साथ साथ जामताड़ा, देवघर , दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे संताल परगना के जिले भी उत्तर पूर्वी हिस्से में ही आते हैं। इन जगहों पर भी सोमवार को बारिश के आसार हैं। पड़ोस के जिले बोकारो और गिरिडीह में भी बारिश होगी।

आज और कल होगी बारिश 

मौसम विभाग की मानें तो मानसूनी बादलों का जत्था अभी झारखंड होकर गुजर रहा है। बादलों की श्रृंखला झारखंड से बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य की ओर बढ़ रही है। इससे झारखंड के साथ-साथ ओडिशा के तटीय इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। सोमवार को भी इन इलाकों में बारिश हो सकती है। 17 अगस्त को भी झारखंड के उत्तर पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस हफ्ते तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पर रुक रुक कर बरस रही फुहारों ने पारा में थोड़ी कमी ला दी है। अधिकतम तापमान 36 से 30 डिग्री से गिरकर 34 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे उमस भरी गर्मी में थोड़ी कमी आई है। बारिश जारी रही तो मौसम में यह बदलाव भी जारी रहेगा।

धनबाद में अब तक 28% ज्यादा बरसा मानसून

मानसूनी बारिश की बात करें धनबाद में अब तक 28% ज्यादा बारिश हो चुकी है। यह आंकड़ा एक जून से 15 अगस्त तक का है। धनबाद में अब तक सामान्य बारिश 694.1 एमएम होनी चाहिए जो 891 एमएम है। धनबाद के साथ पड़ोसी जिलों में भी बारिश की स्थिति अच्छी है। जामताड़ा में एक जून से अब तक 61 फीसद ज्यादा बारिश हो चुकी है। बारिश के मामले में इस बार मानसून में जामताड़ा की स्थिति बेहद अच्छी रही है। जून से अब तक लगातार उत्तर पूर्वी हिस्से में सर्वाधिक बारिश इसी जिले में हुई है। संताल के अन्य जिले जैसे देवघर और दुमका में भी सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है। हालांकि कुछ जिले बारिश के मामले में पिछड़े भी हैं। गोड्डा में 4 फीसद कम व पाकुड़ में 16 फीसद कम बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।

chat bot
आपका साथी