Jharkhand Politics: झामुमो के गढ़ दुमका में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने लगाई क्लास, सेवा एवं समर्पण अभियान से जन-जन को जाड़ने का दिया टास्क

नागेंद्रनाथ ने कहा कि अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक कार्यक्रम तय है। कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर आमजनों से जुड़ें।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 04:57 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 04:57 PM (IST)
Jharkhand Politics: झामुमो के गढ़ दुमका में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने लगाई क्लास, सेवा एवं समर्पण अभियान से जन-जन को जाड़ने का दिया टास्क
कार्यक्रम में मंचासीन नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, डा. लुइस मरांडी और अन्य।

जागरण संवाददाता, दुमका। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ( बिहार-झारखंड) नागेंद्रनाथ त्रिपाठी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया है। इसके लिए उन्होंने कहा है कि एक-एक कार्यकर्ता नमो एप डाउनलोड करें। आमजनों को भी नमो एप से जुड़ने के लिए प्रेरित करें ताकि भाजपा एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी सबको हो सके। वे सोमवार को दुमका के अग्रसेन भवन में भाजपा द्वारा आयोजित सेवा एवं समर्पण अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे। दुमका झारखंड की सत्ताधारी झामुमो का गढ़ है। दुमका और संताल परगना में जनाधार बढ़ाने को लेकर भाजपा काफी सक्रिय है।

मोदी के नेतृत्व में देश समग्र विकास की राह पर

नागेंद्रनाथ ने कहा कि अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक कार्यक्रम तय है। कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर आमजनों से जुड़ें। आमजनों को यह बताएं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश समग्र विकास की राह पर है। सरकार की योजनाएं ही नहीं बल्कि आमजनों से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को नई ऊंचाई

पर पहुंचाने की पहल कर रहे हैं। स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, पौधारोपण अभियान, मन की बात समेत कई कार्यक्रमों की माध्यम से पीएम मोदी जनता से सीधे जुड़े हैं। इसकी वजह से देश में माहौल तेजी से बदला है। आमजन स्वच्छता, जल संरक्षण व पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति सजग हो रहे हैं। भावी पीढ़ी पर्यावरण की रक्षा के लिए तैयार हो रहा है। कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता इस अभियान के तहत बढ़-चढ़ कर पौधारोपण अभियान चलाएं और गांव-गांव में पौधा लगाकर पर्यावरण की रक्षा के लिए ग्रामीणों को भी सजग करें।

25 सितंबर को पंडित दीनदयाल की जयंती पर विशेष कार्यक्रम

संगठन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन की बधाईयां पोस्टकार्ड के माध्यम से उन तक भेजवाने की पहल करें। नागेंद्रनाथ ने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल का जन्मदिन है। इस दिन कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पंडित दीनदयाल की जयंती मनाएं और भाजपा के नीति-सिद्धांतों से आमजनों को अवगत कराएं। उनमें राष्ट्रवादी विचारधारा का बोध कराएं। इसी तरह से दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर वृहत कार्यक्रम के जरिए जनता के बीच मौजूदगी का एहसास कराएं। सेवा व समर्पण का समापन सात अक्टूबर को भव्य तरीके से करें ताकि इस अभियान के उद्देश्यों की गूंज बरकरार रहे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के निदान की पहल करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में उपस्थिति

मौके पर सांसद सुनील सोरेन, पूर्व मंत्री डा.लुइस मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अमिता रक्षित, संताल परगना प्रभारी सत्येंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष निवास मंडल, नीतू झा, मृणाल मिश्र, गौरवकांत सिन्हा, मनोज पांडेय, विवेकानंद राय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम के उपरांत वे जामताड़ा के लिए रवाना हो गए। इससे पूर्व नागेंद्रनाथ त्रिपाठी तारापीठ और मलूटी में पूजा अर्चना करने गए थे।

chat bot
आपका साथी