भगवान बिरसा की जयंती धूमधाम से मनाएगी भाजपा

केंद्रीय मंत्रिमंडल के 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने की स्वीकृति के बाद जिला भाजपा इस दिवस को लेकर काफी उत्साहित है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 11:50 PM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 11:50 PM (IST)
भगवान बिरसा की जयंती धूमधाम से मनाएगी भाजपा
भगवान बिरसा की जयंती धूमधाम से मनाएगी भाजपा

धनबाद : केंद्रीय मंत्रिमंडल के 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने की स्वीकृति के बाद जिला भाजपा इस दिवस को लेकर काफी उत्साहित है। इस क्रम में पार्टी सोमवार को कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जो बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संपन्न होगी। धनबाद जिला महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि इसके लिए भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने भी सभी जिला इकाईयों को पत्र लिख कर इस अवसर को बड़े पैमाने पर मनाने का निर्देश दिया है। प्रदेश नेतृत्व के अनुसार इस अवसर पर होनेवाले कार्यक्रमों को इस तरह से आयोजित करना है, ताकि आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। इसलिए कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक आयोजित करने का निर्णय किया गया है।

इस दौरान प्रत्येक बूथ पर एक छोटी सी सभा का आयोजन कर पहले भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद जिला से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारी भगवान बिरसा के जीवन और उनके संघर्षो से जुड़ी बातों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी लोगों की संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को मनाने के लिए 15 से 22 नवंबर तक सप्ताह भर चलने वाले समारोहों की योजना बनाई गई।

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 24 अक्टूबर को मन की बात कार्यक्रम में देश के प्रति बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया था। उन्होंने कहा था कि भगवान बिरसा मुंडा ने प्रकृति, जंगलों और जमीन की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी। भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा यानी पृथ्वी का पिता भी कहा जाता है।

chat bot
आपका साथी