Indian Railways IRCTC: यात्रीगण कृपया ध्यान दें... 26 से गोड्डा से चलेगी भागलपुर-रांची इंटरसिटी, देवघर-गोवा स्पेशल को हरी झंडी
Indian Railways IRCTC प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मतिथि पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड को ट्रेनों का तोहफा दिया है। रांची-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को वाया गोड्डा चलाने की अनुमति दी है। इसकी जानकारी ट्वीट कर गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने दी है।
जासं, गोड्डा। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड को रेल सेवा का बड़ा तोहफा दिया है। गोड्डा से रांची भाया भागलपुर इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन आगामी 26 सितंबर से शुरू कर दिया जाएगा। रेल मंत्री ऑनलाइन शुभारंभ करेंगे। गोड्डा में इंटरसिटी ट्रेन के शुभारंभ के मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित रेल प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी । कार्यक्रम में गोड्डा सांसद डा निशिकांत दुबे भी शिरकत करेंगे। यह जानकारी सांसद दुबे ने ट्वीट कर दी है।
माननीय प्रधानमंत्री@narendramodi जी के जन्मदिन पर रेल मंत्री @AshwiniVaishnaw जी ने संथालपरगना को आज झोला भरकर तोहफ़ा दिया, सेवा समर्पण अभियान के अन्तर्गत
1. नोनीहाट में कविगुरु एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव- 25 सितंबर
2.गोड्डा से राँची भाया भागलपुर ट्रेन का शुभारंभ- 26 सितंबर pic.twitter.com/DPKsQPGiau
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) September 17, 2021
इसी साल गोड्डा पहुंची है रेल
इसी साल गोड्डा रेलवे स्टेशन का निर्माण पूरा हुआ। 8 अप्रैल को यहां से पहली बार यात्री रेल सेवा के रूप में हमसफर एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हुआ। इसके बाद धीरे-धीरे गोड्डा को ट्रेनें मिल रही हैं। सांसद ने बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर रेल मंत्रालय ने संताल परगना को झोला भरकर तोहफ़ा दिया है। कहा कि भाजपा के सेवा समर्पण अभियान के अन्तर्गत रेल मंत्रालय ने संताल परगना के लिए पांच तोहफे दिए हैं। इसमें नौनीहाट में कविगुरु एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव आगामी 25 सितंबर से होगा। वहीं गोड्डा से राँची भाया भागलपुर इंटरसिटी ट्रेन का शुभारंभ 26 सितंबर को किया जाएगा।
वाया धनबाद चलेगी देवघर-गोवा एक्सप्रेस
झारखंड से गोवा के लिए पहली बार ट्रेन चलाने की तैयारी हो गई है। यह ट्रेन देवघर से चलेगी। देवघर से पुणे भाया गया ट्रेन का शुभारंभ 27 सितंबर को होगा। देवघर से गोवा भाया धनबाद ट्रेन का शुभारंभ 28 सितंबर को और आसनसोल, मधुपुर अहमदाबाद ट्रेन का शुभारंभ 29 सितंबर को रेल मंत्री करेंगे।