ढुलू पर कार्रवाई के खिलाफ आज दिखाया जाएगा दमखम

कतरास आखिरकार भाजपा के बाघमारा विधायक ढुलू महतो के समर्थकों के सब्र का बांध टूट गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 27 Feb 2020 02:16 AM (IST) Updated:Thu, 27 Feb 2020 02:16 AM (IST)
ढुलू पर कार्रवाई के खिलाफ आज दिखाया जाएगा दमखम
ढुलू पर कार्रवाई के खिलाफ आज दिखाया जाएगा दमखम

कतरास : आखिरकार भाजपा के बाघमारा विधायक ढुलू महतो के समर्थकों के सब्र का बांध टूट गया। ढुलू महतो के करीबी लोगों के खिलाफ एसएसपी किशोर कौशल ने सीसीए और तड़ीपार करने की प्रक्रिया शुरू की तो खदबदाहट मच गई। ढुलू महतो, उनके परिजन और समर्थकों के खिलाफ रोजाना चल रही पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ गुरुवार को रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन किया जाएगा। फिर धरना भी होगा। बाघमारा के भाजपाइयों का नेतृत्व ढुलू महतो की पत्नी सावित्री देवी खुद करेंगी। उनके अलावा भाजपा के जनप्रतिनिधि और जिला कार्यसमिति के लोग भी प्रदर्शन में शिरकत करेंगे। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में आने वाले भाजपा के सभी मंडल के अध्यक्षों ने बुधवार को कतरास में संवाददाता सम्मेलन किया। भाजपा नेता हेमंत सरकार पर बोले तो एसएसपी किशोर कौशल पर खूब बरसे। कतरास मंडल अध्यक्ष प्रभात मिश्रा ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ सड़क से सदन तक आवाज बुलंद होगी। जिन लोगों पर सीसीए एवं तड़ीपार की कार्रवाई करने की बात सामने आई है, वे सभी भाजपा कार्यकर्ता अथवा समर्थक हैं। आपराधिक प्रवृति के लोगों पर सीसीए की धारा लगाई जाती है, न कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर। मामूली अपराध पर सीसीए नहीं लगता। बाघमारा मंडल अध्यक्ष बच्चू राय ने कहा कि ढुलू महतो के अंगरक्षकों को हटा दिया गया है। उनकी जान पर खतरा है। लोयाबाद मंडल अध्यक्ष पप्पू सिंह ने कहा कि विधायक के भाई शरद महतो पर झूठा मुकदमा किया गया है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सिनीडीह मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सारी बातों से अवगत कराया गया है। शीर्ष नेतृत्व गंभीर है। संवाददाता सम्मेलन में पार्षद राजेंद्र प्रसाद, सूर्य देव मिश्रा, कंचन चौरसिया, मनोज लाल, श्याम किशोर कल्लू, राजकुमार प्रमाणिक, भरत शर्मा, राकेश हजारी, कुलवंत सिंह, बबलू बनर्जी, मुकेश झा, राजू सरदार मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी