Jharkhand Panchayat Elections 2021: दुमका के 300 पूर्व प्रत्याशियों पर चली आयोग की चाबुक, नहीं लड़ पाएंगे चुनाव

Jharkhand Panchayat Elections 2021 पिछला चुनाव 2015 में हुआ था। दुमका में मुखिया के लिए 206 इतने ही पंचायत समिति सदस्य और 2518 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव के बाद करीब 300 प्रत्याशियों ने चुनावी खर्च का ब्योरा नहीं दिया। इस कारण डिबार घोषित कर दिया गया है।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 09:58 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 10:11 AM (IST)
Jharkhand Panchayat Elections 2021: दुमका के 300 पूर्व प्रत्याशियों पर चली आयोग की चाबुक, नहीं लड़ पाएंगे चुनाव
झारखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ( फाइल फोटो)।

अनूप श्रीवास्तव, दुमका। झारखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2015 लड़ने वाले दुमका के करीब 300 प्रत्याशी इस बार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। राज्य चुनाव आयोग ने इन प्रत्याशियों को डिबार घोषित कर दिया है। चुनाव के बाद जिन प्रत्याशियों ने चुनाव का हिसाब-किताब नहीं दिया उन्हें चुनाव लड़ने अयोग्य करार दिया गया है। पिछली बार पंचायत चुनाव लड़कर जीतने वाले 300 मुखिया व पंचायत प्रतिनिधि इस बार अपना भाग्य नहीं आजमा सकेंगे। चुनावी खर्च का ब्यौरा नहीं देने की वजह से सभी को तीन साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

25 अगस्त तक देना था चुनाव खर्च का ब्योरा

दरअसल पिछले पंचायत चुनाव में 206 पंचायत के लिए चुनाव हुआ था। इसमें 206 मुखिया, इतने ही पंचायत समिति सदस्य और 2518 वार्ड सदस्यों ने चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। जीतने के बाद बड़ी संख्या में मुखिया व पंचायत समिति सदस्य ने चुनावी खर्च का ब्यौरा जिला पंचायत राज्य पदाधिकारी के कार्यालय में जमा कर दिया था। वहीं वार्ड सदस्यों ने प्रखंड कार्यालय में जमा कर दिया था। इनमें 300 मुखिया व पंचायत समिति सदस्य ऐसे थे, जिन्होंने ब्यौरा देने में रूचि नहीं दिखाई। ऐसे लोगों से ब्यौरा जमा करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने 25 अगस्त को नोटिस जारी कर 15 दिन का समय दिया था। तय समय के अंदर कुछ ने खर्च का ब्यौरा दिया लेकिन 300 ने इसे अनदेखा कर दिया। इसलिए सभी को पंचायत चुनाव के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इसकी सूचना आयोग को भेजने की तैयारी चल रही है।

दिसंबर से जनवरी के बीच चुनाव की संभावना

जिले में दिसंबर या फिर जनवरी में पंचायत चुनाव हो सकता है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारियों के माध्मम से जिले के सभी 2518 बूथों का सत्यापन करा लिया गया है। किस बूथ में क्या कमी है, इसकी जानकारी एकत्र की जा चुकी है। मतदाता सूची का भी सोमवार को प्रकाशन कर दिया गया है।

आरक्षित पद के लिए आयोग को भेजी अनुशंसा

पंचायत चुनाव में मुखिया को छोड़कर महिला व अन्य पद को आरक्षित करने के लिए कार्यालय से राज्य निर्वाचन आयोग को अनुशंसा भेजी गई है। इसमें महिलाओं के लिए 50 फीसद पद आरक्षित होगा। आयोग से आदेश मिलने के बाद स्पष्ट होगा कि कितने पद किसके लिए आरक्षित होंगे।

पंचायत चुनाव कब होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है लेकिन तैयारियां की जा रही है। मतदाता सूची का प्रकाश कर दिया गया है। खर्च का ब्यौरा नहीं जमा करने वाले करीब 300 मुखिया व पंचायत समिति सदस्य को अयोग्य घोषित करने की तैयारी चल रही है। ब्यौरा जमा करने के लिए दिया हुआ समय समाप्त हो चुका है।

-रजत अनूप कुमार कच्छप, जिला पंचायत राज्य पदाधिकारी, दुमका

chat bot
आपका साथी