प्रोफेसर से 25 लाख की ठगी मामले में 10 साइबर आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता देवघर साइबर अपराध में शामिल 10 साइबर आरोपितों को गिरफ्तार करने में

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 10:40 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 10:40 PM (IST)
प्रोफेसर से 25 लाख की ठगी मामले में 10 साइबर आरोपित  गिरफ्तार
प्रोफेसर से 25 लाख की ठगी मामले में 10 साइबर आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, देवघर : साइबर अपराध में शामिल 10 साइबर आरोपितों को गिरफ्तार करने में देवघर पुलिस को कामयाबी मिली है। इन बदमाशों को गुरुवार देर रात करौं, मोहनपुर, जसीडीह, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र व पथरड्डा ओपी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

पकड़े गए बदमाशों में मारगोमुंडा के पंचरूखी और केसवा निवासी रकीब अंसारी, अमीर अंसारी, मुस्लिम अंसारी और स्माईल अंसारी, जसीडीह थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सूरज दास, देवीपुर थाना क्षेत्र के खैरबनी निवासी करूण कुमार दास, पाथरोल के दिलीप कुमार दास, मोहनपुर के बांक निवासी फाल्गुनी कुमार मंडल, मोहनपुर के आमगाछी निवासी पवन तुरी और पाथरोल के गोनैया निवासी राज किशोर दास शामिल है। इन सभी के पास से दो चार पहिया वाहन (एक स्कॉर्पियो व एक डिजाइर), एक दो पहिया वाहन, एक लैपटॉप, 20 सिम कार्ड, 14 मोबाइल फोन, चार विभिन्न बैंकों का पासबुक, एक चेकबुक, चार एटीएम बरामद किए गए हैं।

एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा को साइबर अपराधियों के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अलग-अलग टीम बनाकर छापेमारी की गई। इसके बाद सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। मौके पर मुख्यालय डीएसपी मंगल सिंह जामुदा, साइबर डीएसपी नेहा बाला, इंस्पेक्टर संगीता कुमारी, इंस्पेक्टर कलीम अंसारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

25 लाख रुपये अवैध निकासी मामले में फाल्गुनी की थी संलिप्तता : साइबर थाने में दर्ज 25 लाख रुपये अवैध निकासी मामले में गिरफ्तार साइबर आरोपित फाल्गुनी कुमार मंडल की संलिप्तता पाई गई। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपित ने कांड में अपनी संलिप्तता पुलिस के सामने स्वीकार की। यह मामला पश्चिम बंगाल के मिदनापुर मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. स्वरूप चटर्जी से जुड़ा है। उन्होंने दिसंबर 2020 में साइबर थाने में मामला दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने सत्संग में आवासन के दौरान उनके खाते से 25 लाख रुपये की अवैध निकासी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस दर्ज कांड के अनुसंधान में जुटी थी। इसी क्रम में आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

-------------------

साइबर गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी भी हो रही है। साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

अश्विनी कुमार सिन्हा, एसपी देवघर

chat bot
आपका साथी