दशमेश पिता की शान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

संवाद सूत्र हंटरगंज प्रखंड की फिजा इन दिनों गुरु गोविद सिंह के रंग में रंगा है। प्रखंड के

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 07:51 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 07:51 PM (IST)
दशमेश पिता की शान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
दशमेश पिता की शान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

संवाद सूत्र, हंटरगंज : प्रखंड की फिजा इन दिनों गुरु गोविद सिंह के रंग में रंगा है। प्रखंड के केदलीकलां गुरुद्वारे में पिछले सात दिन से गुरु गोविंद सिंह का प्रकाशोत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को परंपरागत रूप से डुमरीकलां गुरुद्वारे से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। उस दौरान गुरु गोविद सिंह की शान में सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में फूलों से सुसज्जित एक वाहन पर गुरुग्रंथ साहिब विराजमान थे। उनके आगे पंज प्यारे निशान साहिब को शान से लहराते चल रहे थे। गुरुग्रंथ साहिब के साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र से गुंजायमान गुरुवाणी इलाके को निहाल कर रही थी। उस दौरान सिख श्रद्धालुओं का उद्घोष जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल गूंज रहा था। उत्साह और उमंग के बीच प्रतिभागी सिख श्रद्धालु नगर कीर्तन करते चल रहे थे। शोभायात्रा में जगह-जगह जालंधर की गदका टीम अपना करतब दिखा रही थी। टीम के सदस्यों ने खासकर सिख मार्शल आर्ट प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीत लिया। कलाकार सिमरनजीत सिंह लोहे की कील पर लेट कर और अपने सीने पर चालीस किलोग्राम की बर्फ की सिल्ली तलवार से कटवाने का अद्भुत करतब दिखाया। टीम का नेतृत्व सरदार मंजीर सिंह कर रहे थे। गुरुवाणी की धुन व कीर्तन ने माहौल आध्यात्मिक बनाया लुधियाना के फतेह पाइप बैंड पार्टी सैनिक अंदाज में गुरुवाणी की धुन पर श्रद्धालुओं को झूमा रहा था। स्थानीय कीर्तन टीम के शबद कीर्तन से माहौल आध्यात्मिक हो गया था। शोभायात्रा डुमरीकलां से रामनारायण स्मारक कालेज, भोंदल, प्रतापपुर मोड़, गोदोवार, देवी मंडप, हाईस्कूल, अस्पताल मोड़, कौलेश्वरी मोड़, बिहारी होती हुई केदलीकलां गुरुद्वारा पहुंची। शोभायात्रा में शामिल हजारों स्त्री-पुरुष और बच्चे श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पानी,नास्ता तथा चाय-काफी का प्रबंध किया गया था। गोदोवार में भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष अरुण चौरसिया ने श्रद्धालुओं के स्वागत किया। उस दौरान भाजपा नेता और पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, केदलीकलां पंचायत की मुखिया लालसा देवी, वरिष्ठ अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद सिंह कई कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे। रास्ते में जितनी भी सिखों की दुकानें थीं वहां दशमेश पिता की शान में कड़ाह प्रसाद का विवरण किया गया तथा गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका गया। आरएसएस व विहिप कार्यकर्ता भी रहे सक्रिय शोभायात्रा को व्यवस्थित करने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिदू परिषद,बजरंग दल के बिटू सिंह, भवानी सिंह, पंकज सिंह और पतंजलि योग प्रचारक अभय कुमार सिंह अपनी सेवा दे रहे थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में केदलीकलां कलां गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार प्रताप सिंह, सचिव ज्ञान सिंह, सरदार शमशेर सिंह, सरदार सतपाल सिंह, डुमरीकलां गुरुद्वारा के अध्यक्ष सरदार चंदन सिंह, सरदार प्रकाश सिंह, सरदार मनोज सिंह, बलवंत सिंह समेत अनेक सदस्य शामिल थे।

chat bot
आपका साथी