निरंजना नदी से बालू का अवैध उठाव में जुटे छह ट्रैक्टर जब्त

संवाद सूत्र हंटरगंज (चतरा) अंचल के केदलीकलां गांव स्थित निरंजना नदी से बालू का अवैध उठाव करते छह ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 06:44 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 06:44 PM (IST)
निरंजना नदी से बालू का अवैध उठाव में जुटे छह ट्रैक्टर जब्त
निरंजना नदी से बालू का अवैध उठाव में जुटे छह ट्रैक्टर जब्त

संवाद सूत्र, हंटरगंज (चतरा) : अंचल के केदलीकलां गांव स्थित निरंजना नदी से बालू का अवैध उठाव में जुटे छह ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। रविवार को यह औचक छापेमारी हंटरगंज अंचल अधिकारी और पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई। इससे पूर्व शनिवार को भी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने उसी गांव में बालू लूट रहे चार ट्रैक्टरों को जब्त किया था। निरंजना नदी में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए बालू लूट का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। यह दीगर बात है कि 10 जून से लेकर अब तक प्रशासन महज मूकदर्शक बना रहा। इधर जब विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति जिले के दौरे पर आई तो उसने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश उलंघन के मामले पर कडे़ रुख का इजहार किया। बैठक के दौरान ही समिति के अगुआ विधायक सरयू राय ने उपायुक्त अंजली यादव समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) रवि कुमार सिंह को जमकर फटकार लगाई थी। उन्होंने बालू भंडारण की अद्यतन स्थिति का विवरण मांगा था जिसे उपलब्ध कराने में डीएमओ असमर्थ रहे थे। उसके बाद उपायुक्त ने अवैध बालू उठाव पर अंकुश के लिए संबंधित अधिकारियों पर दबाव बनाना शुरू किया। वहां के बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना कि भुइयांडीह से लेकर सुग्गी गांव के निकट तक दर्जनों स्थानों से सरेआम बालू लूटा जा रहा है। सैकडो़ं ट्रैक्टर बालू लूट में जुटे हुए हैं। मगर प्रशासन उन स्थानों की अनदेखी कर रहा है। शनिवार और रविवार को भी यही स्थिति थी। उन सभी घाटों पर सैंकडो़ं ट्रैक्टर बालू लूट में जुट थे। मगर छापेमारी महज केदलीकलां में हुई। बालू लूट में एक खास तबके का दखल है। सूबे की सत्ता में उनकी खासी पैठ है, इसलिए प्रशासन के अधिकारी उन पर हाथ डालने से कतराते हैं। यहां तक कि जिला मुख्यालय से औचक छापेमारी की सूचना उनलोगों को पहले मिल जाती है। इससे वह छापेमारी से पूर्व बालू लूट में जुटे ट्रैक्टरों को हटा लेते हैं।

chat bot
आपका साथी