मंत्री के आदेश पर भारी सीडीपीओ की मनमानी

अमरेंद्र प्रताप सिंह हंटरगंज(चतरा) सरकार की मंशा और मंत्री के आदेश पर स्थानीय बाल विक

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 08:54 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 08:54 PM (IST)
मंत्री के आदेश पर भारी सीडीपीओ की मनमानी
मंत्री के आदेश पर भारी सीडीपीओ की मनमानी

अमरेंद्र प्रताप सिंह, हंटरगंज(चतरा) : सरकार की मंशा और मंत्री के आदेश पर स्थानीय बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) रेणुका कुमारी की मनमानी भारी पड़ रही है। उपायुक्त दिव्यांशु झा के अनुमोदन के बावजूद चयनित 12 पोषण सखियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। प्रखंड की सभी 28 पंचायतों के 185 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पोषण सखियों की नियुक्ति की जानी है। प्रत्येक केंद्र पर एक पोषण सखी नियुक्त किया जाना है। 2019 में 57 पोषण सखियों की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किये गए थे। नियुक्ति प्रकिया पूरी होने के बाद 57 चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई। 31 अक्तूबर 2019 तक उस सूची पर आपत्ति मांगी गई थी। तमाम प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त ने बजाप्ता उस सूची को अनुमोदित कर दिया। उसके बाद श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोगता ने उनकी नियुक्ति की घोषणा कर दी। उन्होंने 20 जनवरी 2021 को बजाप्ता 45 पोषण सखियों को नियुक्ति पत्र वितरित भी कर दिया। उन्होंने आदेश दिया कि शेष बची 12 पोषण सखियों को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नियुक्ति पत्र दे देंगी। इसके बावजूद बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने अब तक उन पोषण सखियों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया। इस संदर्भ में पूछे जाने पर सीडीपीओ रेणुका कुमारी ने कहा - नियुक्ति में पारदर्शिता बरती जा रही है। बाकी बची 12 पोषण सखियों की नियुक्ति पर आपत्ति मिली है। उसकी जांच और उस संदर्भ में उपायुक्त से निर्देश प्राप्त करने के बाद ही नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा। जब उन्हें याद दिलाया गया कि आपत्ति पर समाधान समेत तमाम प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी, इसके बावजूद दोबारा आपत्ति लेने और उस विचार करने का क्या औचित्य है तो उन्होंने चुप्पी साध ली। उधर, नियुक्ति पत्र से वंचित अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी