बारिश मचा रही तबाही, दर्जनों परिवार हो गए बेघर

जागरण संवाददाता चतरा बारिश तबाही मचाना शुरू कर दी है। दर्जनों परिवारों को बेघर कर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 07:34 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 07:34 PM (IST)
बारिश मचा रही तबाही, दर्जनों परिवार हो गए बेघर
बारिश मचा रही तबाही, दर्जनों परिवार हो गए बेघर

जागरण संवाददाता, चतरा : बारिश तबाही मचाना शुरू कर दी है। दर्जनों परिवारों को बेघर कर दिया है। पिछले नौ दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। आठ दिनों से हर रोज दस मिमी से अधिक बारिश हो रही है। अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि 19 जून तक जिले में 129.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। जून का सामान्य रूप से बारिश की दरकार 167.1 मिलीमीटर है। जबकि अब तक 129.3 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि महीने का अभी 11 दिन बचा हुआ है। जिस प्रकार से मौसम पूर्वानुमान लगाया जा रहा है, उसके आधार पर कहा जा सकता है कि जून में सामान्य से अधिक बारिश होगी। बारिश से सबसे अधिक परेशानी गरीब व असहाय परिवारों को हो रही है। मिट्टी के दर्जनों घर अब तक ध्वस्त हो चुके हैं। पीड़ित परिवारों के सदस्य अपने सगे-संबंधी या फिर गांव के स्कूल अथवा दूसरे सरकारी भवनों में शरण लिए हुए हैं। प्रशासनिक स्तर पर ऐसे परिवारों के लिए अब तक राहत या बचाव का कार्य शुरू नहीं किया गया है। कुछ ऐसे भी परिवार हैं, जिनके समक्ष रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश की वजह से मोटिया मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा है। उनके पास पहले रखा हुआ पैसा भी नहीं है। थोड़ा बहुत था भी तो कोरोना की दूसरी लहर में लगे आंशिक लाकडाउन में खर्च हो गया। लगातार हो रही बारिश से नदी और नाले उफान पर हैं। खेल-क्यारी जल मग्न हो गए हैं। किसान कृषि कार्य में तेजी से जुट गए हैं। धान का बिचड़ा डालना शुरू कर दिया है। मक्का के अलावा दूसरे खरीफ फसलों की भी व्यापक तैयारियां हो रही है। गरमा फसलों का व्यापक नुकसान हुआ है। सैकड़ों एकड़ में लगी गरमा फसल पानी से बर्बाद हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर बारिश से आम-आवाम परेशान हैं। जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नदियों में बाढ़ आने से दर्जनों गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय एवं पंचायतों से कट चुका है। गांव टापू बन गए हैं। बारिश से ग्रामीण के साथ-साथ शहर की सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। दर्जनों सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गई है। शहर जलापूर्ति पाइप लाइन के लिए संबंधित एजेंसी ने सड़कों को काट कर उसकी स्थिति को और भी बदतर कर दिया है। इन सड़कों पर पैदल या बाइक पर चलना मुश्किल हो रहा है। ऊपर से जल जमाव ने और भी स्थिति खराब कर दिया है।

chat bot
आपका साथी