मनरेगा में 44 लोगों को चाहिए काम, 275 को पक्का मकान

संवाद सूत्र हंटरगंज (चतरा) गेरुआ पंचायत में गुरुवार को द्वार पर पहुंची सरकार से फरिया

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 07:21 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 07:21 PM (IST)
मनरेगा में 44 लोगों को चाहिए काम, 275 को पक्का मकान
मनरेगा में 44 लोगों को चाहिए काम, 275 को पक्का मकान

संवाद सूत्र, हंटरगंज (चतरा) : गेरुआ पंचायत में गुरुवार को द्वार पर पहुंची सरकार से फरियाद करने वालों का तांता लगा रहा। उस दौरान 44 लोगों ने सरकार से मनरेगा में काम मांगा तो 275 ने पक्का मकान। 130 ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन मांगी तो 127 लोगों ने मुफ्त राशन देने की गुहार लगाई। इसी प्रकार 156 बेरोजगार श्रमिकों ने ई श्रमिक के तहत निबंधन करा कर रोजगार उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उनमें से तीन लोगों को झारखंड राज्य आजीविका मिशन के तहत तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए चुना गया, जिन्हें सरकारी खर्च पर प्रशिक्षण के लिए रांची भेजा जाएगा। मौका था ' आपके अधिकार, आपकी सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम का। उसमें सरकार की अगुवाई करने पहुंचे थे सदर अनुमंडल के भूमि सुधार उप समाहर्ता गौरांग महतो। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी जयाशंखी मुर्मू और अंचल अधिकारी मिथिलेश कुमार भी थे। अतिथियों का स्वागत मुखिया सुदमिया देवी ने पुष्पगुच्छ देकर किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने स्टाल लगा रखे थे, जहां फरियादियों से आवेदन प्राप्त किए गए। हालांकि भूमि सुधार उप समाहर्ता महज आधे घंटे में ही लौट गए। पता चला कि उनका आज कोर्ट का काम तय था, लिहाजा उन्हें लौटना पड़ा। प्रखंड विकास पदाधिकारी भी जिला मुख्यालय में बैठक में शामिल होने चली गईं। हालांकि इससे पूर्व उन्होंने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। पता चला कि कार्यक्रम के दौरान 16 लोगों ने बाल विकास परियोजना से संबंधित कार्य के लिएआवेदन दिया तो 6 लोगों ने कृषि से संबंधित मामले में फरियाद की। निर्वाचन से संबंधित 21 लोगों ने शिकायत की तो 21 लोगों ने राजस्व विभाग से संबंधित कार्य के लिए गुहार लगाई। तीन लोगों ने बैंक से संबंधित कार्य के लिए आवेदन दिया। इस मौके पर 38 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और 120 लोगों को कोरानारोधी टीका लगाया गया।

chat bot
आपका साथी