बक्सा नहर से नहीं मिल रहा है पटवन का पानी

संवाद सहयोगी इटखोरी (चतरा) धान की फसल को सूखने से बचाने के लिए क्षेत्र के किसानों को बक्सा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 09:00 PM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 06:14 AM (IST)
बक्सा नहर से नहीं मिल रहा है पटवन का पानी
बक्सा नहर से नहीं मिल रहा है पटवन का पानी

संवाद सहयोगी, इटखोरी (चतरा) : धान की फसल को सूखने से बचाने के लिए क्षेत्र के किसानों को बक्सा नहर से पटवन के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने सिचाई विभाग के अभियंताओं के पास कई बार गुहार लगाई है। लेकिन इसके बाद भी नहा से खेतों को पानी नहीं मिल पा रहा है। मालूम हो कि इस क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से अच्छी बरसात नहीं हुई है। लिहाजा कई क्षेत्रों में पानी के अभाव के कारण धान की फसल को नुकसान होने लगा है।

किसानों का कहना है कि बक्सा नहर से सिचाई कर बर्बाद हो रही धान की फसल को बचाया जा सकता है। लेकिन सिचाई विभाग के अधिकारी फिलहाल बक्सा नहर से पानी देने को तैयार नहीं है। जबकि बक्सा जलाशय में पानी लबालब भरा हुआ है। ऐसे में पटवन के लिए जलाशय से पानी छोड़ा जा सकता है। प्रखंड के नवादा, परसौनी एवं कोनी पंचायत के किसानों ने बताया कि बक्सा नहर के केयरटेकर के माध्यम से उन्होंने सिचाई विभाग के अधिकारियों के समक्ष बक्सा नहर से पानी देने की गुहार पहुंचा दी है। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी खेतों को पटवन का पानी नहीं मिल पाया है। मालूम हो कि इस क्षेत्र में बक्सा सिचाई परियोजना ही इकलौती सिचाई परियोजना है। जिन क्षेत्रों से बक्सा नहर गुजरी है वहां आसानी से पटवन के लिए पानी पहुंचाया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी