ऊपरघाट में कोयला-पत्थर तस्कर की हत्या

ऊपरघाट (बेरमो) : नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र के पिलपिलो

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Dec 2018 06:42 PM (IST) Updated:Fri, 21 Dec 2018 06:42 PM (IST)
ऊपरघाट में कोयला-पत्थर तस्कर की हत्या
ऊपरघाट में कोयला-पत्थर तस्कर की हत्या

ऊपरघाट (बेरमो) : नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र के पिलपिलो ग्राम निवासी 40 वर्षीय तारा महतो की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। वह कोयला व पत्थर की तस्करी के अलावा ईट भट्ठा भी संचालित करता था। उस पर कोयला व पत्थर की तस्करी से संबंधित एक दर्जन से अधिक मामले नावाडीह, पेंक-नारायणपुर एवं गांधीनगर थाना में दर्ज है। वह कई बार जेल भी जा चुका था। जमीन को लेकर उसके गोतिया से भी विवाद चल रहा था। उसकी हत्या कोयला व पत्थर तस्करी की प्रतिस्पर्धा में हुई या भूमि विवाद के कारण, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल में जुट गई है। उसका रक्तरंजित शव गुरुवार को सुबह गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर पिलपिलो जंगल स्थित एक खेत में पाया गया। उसका चेहरा कुचल दिया गया था। शव से कुछ दूरी पर लगभग 20 किलो वजन का खून लगा एक पत्थर पाया गया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा कि उसी से कुचलकर उसे मौत के घाट उतारा गया होगा। उसकी हीरो होंडा पैशन प्रो बाइक जेएच 09एच-6927 शव के पास ही खड़ी पाई गई। बाइक व खून लगे पत्थर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चास भेज दिया गया। घटनास्थल का मुआयना एसडीपीओ सुभाषचंद्र जाट, बेरमो सर्किल के पुलिस इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी परमेश्वर लियांगी एवं स्थानीय थानेदार संदीप कुजूर ने किया। परिजनों के अनुसार तारा महतो बुधवार की रात करीब 9:00 बजे धनबाद से अपने घर लौटे थे। रात लगभग साढ़े 9:30 बजे यह कहकर घर से निकले थे कि ईट व कोयले का हिसाब-किताब करने जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद वे घर नहीं लौटे। गुरुवार को सुबह लोगों ने खेत में शव देखा, तो परिजनों व पुलिस को सूचना दी।

मृतक की पत्नी व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। तारा महतो चार भाइयों में तीसरे थे। उनकी दो पुत्री व एक पुत्र है। डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने घटनास्थल एवं मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाया।

chat bot
आपका साथी