सभी जलस्त्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प

करगली/भंडारीदह (बेरमो) नमामि गंगे योजना के तहत मंगलवार को फुसरो व तुरियो पंचायत स्थित द

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 11:20 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 11:20 PM (IST)
सभी जलस्त्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प
सभी जलस्त्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प

करगली/भंडारीदह (बेरमो): नमामि गंगे योजना के तहत मंगलवार को फुसरो व तुरियो पंचायत स्थित दामोदर नदी तट पर गंगा आरती कर सभी जलस्त्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया गया। नगर परिषद फुसरो की ओर से स्थानीय हिदुस्तान पुल के निकट दामोदर नदी तट पर कराई गई गंगा आरती में बेरमो के सीओ सह नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार, उपाध्यक्ष छेदी नोनिया, बीडीओ रोशन कुमार, सिटी मैनेजर कुमार निशांत एवं सिटी मिशन मैनेजर महेंद्र महतो ने मुख्य रूप से भाग लिया। उपाध्यक्ष नोनिया ने कहा कि सिर्फ सरकारी आयोजनों से हम दामोदर नदी को स्वच्छ नहीं रख सकते। सरकार के साथ ही आमलोगों को भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। स्थानीय लोग अगर दामोदर नदी के प्रति अपनी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाएं तो इसकी जलधारा को निर्मल होने से कोई नहीं रोक सकता। सीओ कुमार ने कहा कि दामोदर नदी को स्वच्छ बनाने के लिए नमामि गंगे योजना की शुरुआत की जाने वाली है। उसे धरातल पर उतारने के लिए 201 करोड़ रुपये की डीपीआर बनाई गई है। मौके पर आकाश मिश्रा, देवजीत कुमार, दिव्यांश कुमार, तपन कुमार व स्वयं सहायता समूह की कई महिलाएं उपस्थित थीं।

वहीं, चंद्रपुरा प्रखंड की तुरियो पंचायत स्थित दामोदर नदी तट पर गंगा आरती में प्रखंड प्रमुख अनिता गुप्ता, सीओ सह बीडीओ संदीप कुमार मधेशिया, जिप सदस्य नीतू सिंह, मुखिया नकुल महतो व पंसस सुखदेव महतो सहित दर्जनों ग्रामीणों ने भाग लिया। प्रखंड प्रमुख ने कहा कि दामोदर नदी को स्वच्छ बनाने के लिए हमें खुद को बदलना होगा। तभी दामोदर नदी की जलधारा स्वच्छ हो पाएगी। अंचलाधिकारी कुमार ने कहा कि दामोदर सिर्फ नदी नहीं है, यह भारतीय संस्कृति की जीवनधारा है। नमामि गंगे योजना में दामोदर भी शामिल है। यहां अंचल निरीक्षक रवींद्र कुमार सहित सुभाषचंद्र महतो, मनोज कुमार, संजय कुमार, रोहित कुमार, वसीम अहमद, दुखन महतो, सुखी सिंह के अलावा आंगनबाड़ी केंद्र की कई सेविका व सहायिका भी मौजूद थीं।

chat bot
आपका साथी