हीरालाल मांझी को तीसरी बार मिली जिले की कमान

बोकारो झारखंड मुक्ति मोर्चा केंद्रीय नेतृत्व ने जिला अध्यक्ष हीरालाल मांझी के नेतृत्व वाली टीम

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 08:14 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 08:14 PM (IST)
हीरालाल मांझी को तीसरी बार मिली जिले की कमान
हीरालाल मांझी को तीसरी बार मिली जिले की कमान

बोकारो : झारखंड मुक्ति मोर्चा केंद्रीय नेतृत्व ने जिला अध्यक्ष हीरालाल मांझी के नेतृत्व वाली टीम पर भरोसा जताते हुए तीसरी बार उन्हें जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी है। टीम में पूर्व की तरह जयनारायण महतो को जिला सचिव तथा अशोक मुर्मू को जिला का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि उपाध्यक्ष के तौर पर दो नए नाम गोमिया के गिरधारी महतो तथा चंदनकियारी से गत चुनाव में प्रत्याशी रहे जिला परिषद सदस्य विजय रजवार को शामिल किया गया है। मोहन मुर्मू को फिर से जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।

पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय बोकारो सहित सभी जिला अध्यक्षों को निर्देशित किया है कि अपने जिला के अंतर्गत आने वाले सभी केंद्रीय समिति के पदाधिकारी और केंद्रीय सदस्यों के साथ बैठक कर अगले 10 दिनों के अंदर प्रखंड समितियों का गठन करते हुए उसकी विस्तृत सूची केंद्रीय कार्यालय को उपलब्ध कराएं। नवगठित जिला समिति को अपने जिला समिति के विस्तार का भी निर्णय लेना है। इसके लिए जिले के अंतर्गत निवास करने वाले केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों के लिए सदस्यों के साथ बैठक कर जिला समिति का पुनर्गठन करना है। हीरालाल मांझी के तीसरी बार जिलाध्यक्ष बनने पर नगर अध्यक्ष मंटू यादव ने बधाई दी है। उनके अलावा बीके चौधरी, आलोक सिंह, कन्हैया सिंह, दीनू पाण्डेय, राकेश सिन्हा, मो. हसन सहित अन्य ने बधाई दी है। सीएम के करीबी हैं हीरालाल मांझी :

माना जाता है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबियों में से एक हीरालाल मांझी है। उनके नेतृत्व में जहां बेरमो चुनाव व उपचुनाव में गठबंधन के उम्मीदवार को जीत मिली। वहीं गोमिया और चंदनकियारी में भी संगठित तौर पर पार्टी का विस्तार हुआ है। उनकी सक्रियता को ध्यान में रखकर केंद्रीय नेतृत्व ने तीसरी बार जिला की कमान हीरालाल मांझी को सौंपी है। संगठन के स्तर पर उनके नेतृत्व कई बड़े आंदोलन हुए हैं। उनके प्रमुख सहयोगी जय नारायण महतो व अशोक को फिर से टीम में जगह दी गई।

chat bot
आपका साथी