बिना मास्क पहने पकड़े गए 16 लोग प्रशासनिक क्वारंटाइन में भेजे गए

जागरण संवाददाता ऊधमपुर जिला प्रशासन ने दी गई चेतावनी के मुताबिक शुक्रवार से बिना मास्क प

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 01:02 AM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 06:25 AM (IST)
बिना मास्क पहने पकड़े गए 16 लोग प्रशासनिक क्वारंटाइन में भेजे गए
बिना मास्क पहने पकड़े गए 16 लोग प्रशासनिक क्वारंटाइन में भेजे गए

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : जिला प्रशासन ने दी गई चेतावनी के मुताबिक शुक्रवार से बिना मास्क पहने बाहर निकलने वाले लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को एक दर्जन से ज्यादा बिना मास्क पहने बाजार में नजर आए लोगों को प्रशासन की टीमों ने पकड़ कर प्रशासनिक क्वारंटाइन में भेज दिया।

कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार हो रहे इजाफे के बावजूद कोरोना से बचाव के लिए निर्धारित मानकों का पालन न करते हुए कई लोगों द्वारा की जा लापरवाही का प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। ऐसे किसी व्यक्ति की लापरवाही आम जनता पर भारी न पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने कुछ दिन पहले बिना मास्क पहन कर बाजार में आने वाले लोगों को बिना मास्क पहन कर बाहर न निकलने के लिए चेताया था। प्रशासन ने ऐसे लोगों के साथ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए थे। मगर प्रशासन की इस चेतावनी का लोगों पर कोई असर देखने को नहीं मिल रहा था। इस चेतावनी के बावजूद लोग बिना मास्क पहने घरों से बाहर बाजार में व अन्य जगहों पर आ-जा रहे थे। वीरवार को जिले में रिकॉर्ड 25 कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मास्क न पहनने वालों के साथ सख्ती से निपटने का फैसला किया। जिसके बाद जिला प्रशासन ने शुक्रवार से जिले में बिना मास्क पहने पकड़े गए लोगों को क्वारंटाइन करने का ऐलान किया। इसे लेकर डीसी ऊधमपुर डॉ. पियूष सिगला ने वीरवार को ही जिलेभर में प्रशासनिक अधिकारियों को बिना मास्क वालों को पकड़ कर प्रशासनिक क्वारंटाइन करने के निर्देश दे दिए।

डीसी के निर्देशों के चलते ऊधमपुर व आसपास के तहसीलों में प्रशासनिक अधिकारी दिनभर बाजार में लोगों को मास्क पहन कर ही बाहर निकलने और बिना मास्क पहने पकड़े जाने पर कार्रवाई की चेतावनी लाउड स्पीकर से देते रहे। इसके साथ ही दिन भर घूमते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने बिना मास्क पहने कई लोगों को पकड़ा और क्वारंटाइन सेंटर में भेज दिया।

ऊधमपुर के तहसीलदार मोहित गुप्ता ने बताया कि डीसी ऊधमपुर के निर्देशों पर शुक्रवार से ऊधमपुर में लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक करने के साथ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। इसके तहत शुक्रवार को प्रशासन ने ऊधमपुर में बिना मास्क पहन कर बाजार व अन्य स्थानों पर निकले 16 लोगों को पकड़ कर क्वारंटाइन कर दिया। उन्होंने बताया कि बिना मास्क पहने पकड़े गए लोगों में ज्यादातर ऊधमपुर के हैं, जबकि कुछ एक लोग आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी हैं। इन सभी को ऊधमपुर के गुज्जर-बक्करवाल हॉस्टल में बनाए गए प्रशासनिक क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है।

वहीं, डीसी ऊधमपुर डॉ. पियूष सिगला ने फिर से सभी जिलावासियों को चेताया है कि किसी भी सूरत में बिना मास्क पहने बाहर न निकलें। बाहर बिना मास्क के पकड़े जाने वाले लोगों को क्वारंटाइन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी