बारिश से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से राहत

जागरण संवाददाता ऊधमपुर हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदलने से सबको राह

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 06:56 AM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 06:56 AM (IST)
बारिश से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से राहत
बारिश से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से राहत

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदलने से सबको राहत मिल रही है। हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण बाहर गर्मी अपना अहसास करवा रही है, मगर अब घरों के अंदर पंखों की हवा से ही राहत मिल रही है। रात के समय सूरज ढलने के बाद मौसम सुहावना हो जाता है। रात के बाद पंखों को धीमा या बंद करना पड़ रहा है। वहीं, बुधवार शाम को हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम और भी सुहावना हो गया।

एक सप्ताह पहले तक गर्मी सबको परेशान कर रही थी। गर्मी और उमस के कारण बाहर व अंदर हर जगह पसीने छूटते थे। पंखों की हवा भी कोई राहत नहीं दे पाती थी। मगर फिर आसमान में छाए बादलों से बरसी राहत ने मौसम के मिजाज को बदल दिया। करीब चार दिनों तक रोज दिन के समय हुई बारिश ने हवा में ठंडक घोल कर सबको राहत दी। राहत का यह सिलसिला अभी तक जारी है।

बेशक पिछले तीन दिनों से रोज तेज धूप निकल रही है। धूप में बाहर निकलने पर गर्मी हर किसी को अपना भरपूर अहसास करवा रही है। मगर अब धूप से छाया में आने पर गर्मी से राहत मिलती है, जो पहले नहीं मिलती थी। वहीं, घरों और दुकानों के अंदर पंखों के नीचे खासी राहत मिली रही है। जबकि एक सप्ताह पहले तक पंखों की हवा भी उमस भरी गर्मी से कोई राहत नहीं दे पाती रही थी। पंखों के नीचे बैठने पर भी शरीर पसीने से तरबतर ही रहते थे। सिर्फ एयर कंडीशन में ही गर्मी से राहत मिलती थी।

बुधवार को दिनभर धूप निकली रही, मगर बीच-बीच में आसमान में छाए बादलों की वजह से धूप से कुछ देर के लिए राहत मिली। शाम साढ़े पांच बजे के करीब अचानक बारिश बरसने लगी।

chat bot
आपका साथी