प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सफर न करने की दी सलाह

जागरण संवाददाता ऊधमपुर खराब मौसम के बीच हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 12:46 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 12:46 AM (IST)
प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सफर न करने की दी सलाह
प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सफर न करने की दी सलाह

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर

खराब मौसम के बीच हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को सफर न करने की सलाह दी है। रामबन जिले में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है जिसके चलते शनिवार को साढ़े तीन घटे तक राजमार्ग बंद रहा। अब प्रशासन ने रविवार को भी राजमार्ग को यातायात के लिए बंद रखने का फैसला करते हुए लोगों से सफर न करने की अपील की है। इस बीच शनिवार को पंतिहाल में एक हादसा होते-होते बचा। पंतिहाल इलाके में पहाड़ से गिर रहे पत्थरों की चपेट में आने से एक ट्रक की छत क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि ट्रक के चालक व सह-चालक को इसमें चोट नहीं आई। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश के कारण रामबन जिले में कई जगह पर भूस्खलन हुआ। शुक्रवार को चूंकि राजमार्ग मरम्मत कार्यो के लिए बंद रहता है, इसलिए कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन शनिवार दोपहर पंतिहाल में ट्रक भूस्खलन की चपेट में आया। जिले के कैफेटेरिया मोड़, पंतिहाल व शावनवास समेत कई जगहों पर पत्थरों के साथ मलवा सड़क पर आ गया जिससे यातायात बाधित हुआ। दोपहर करीब ढाई बजे बाधित राजमार्ग से मलबा और पत्थर हटाने के बाद शाम छह बजे वाहनों की आवाजाही शुरू की गई। शनिवार शाम को केवल रास्ते में फंसे वाहनों को ही निकाला गया। ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार देर शाम तक राजमार्ग पर कई जगह पहाड़ों से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी था।

ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी पारुल भारद्वाज के अनुसार मौसम विभाग की ओर से रविवार को भी बारिश की चेतावनी दी गई है, इसलिए रविवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के मद्देनजर अपनी यात्रा को टालने की भी अपील की है।

chat bot
आपका साथी