प्रतिमा विसर्जन के साथ गणेश महोत्सव संपन्न

जागरण संवाददाता ऊधमपुर गणेश चतुर्थी के दिन से जिले में शुरू हुआ गणेशोत्सव रविवार को

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 06:13 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 06:13 AM (IST)
प्रतिमा विसर्जन के साथ गणेश महोत्सव संपन्न
प्रतिमा विसर्जन के साथ गणेश महोत्सव संपन्न

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : गणेश चतुर्थी के दिन से जिले में शुरू हुआ गणेशोत्सव रविवार को गणपति बप्पा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। लोगों ने विधिवत पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ गणपति बप्पा को अगले वर्ष जल्दी आने के निमंत्रण के साथ विदाई दी।

ऊधमपुर शहर स्थित श्री गोवर्धन पैलेस में श्री सिद्धि विनायक गणेश महोत्सव संस्थान की ओर से भी रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा विसर्जन के साथ गणेश महोत्सव संपन्न किया गया। संस्थान के अध्यक्ष अजय गुड्डा ने चेयरमैन आनंद खजूरिया की देखरेख में आयोजित महोत्सव में रविवार सुबह आठ से दस बजे तक विधिवत पूजन किया। उसके बाद हवन यज्ञ किया गया। पूर्णाहुति दोपहर 12 बजे डाली गई। इसके बाद भंडारा हुआ। शाम चार बजे विसर्जन यात्रा प्रारंभ की गई। सादगी के साथ सीमित लोगों के साथ बाबा पैड़ देव स्थान तक विसर्जन यात्रा निकाली गई, जहां पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणपति जी की प्रतिमा को विसर्जित कर उनको विदाई दी गई। इस अवसर पर संस्था के सचिव शक्ति कुमार गंजोत्रा, आर्गनाइडर राजेंद्र कुमार राजा, कोषाध्यक्ष राम लाल नंबरदार व सदस्य रवि कलसी भी मौजूद रहे। वहीं, रविवार को बाबा पैड़ में अनेक लोग भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहुंचे।

वहीं, राजौरी शहर के जवाहर नगर में आयोजित गणेश मोहत्सव मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। नौ दिनों तक चले इस महोत्सव के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली।

जवाहर नगर में बनाए गए पंडाल में सुबह पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इसके बाद शोभायात्रा निकाली गई और गणपति जी की मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जाया गया। नागेश पुल के पास मंत्रोच्चारण के साथ मूर्ति का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी।

शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ.. बोलते हुए आगे बढ़ रहे थे।

chat bot
आपका साथी