हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जताया रोष

जागरण संवाददाता ऊधमपुर शुक्रवार को हुए मेटाडोर हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फ

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 06:02 AM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 06:02 AM (IST)
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जताया रोष
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जताया रोष

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : शुक्रवार को हुए मेटाडोर हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फुट पड़ा और लोग सड़कों पर उतर आए। सड़क को जाम कर लोगों ने रोष प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर लोगों की मांगें सुन उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कर आंदोलन समाप्त करवाया।

चनुनता में सड़क की हालत बेहद खराब होने और मेटाडोर हादसा लापरवाही की वजह से होने के आरोप लगाते हुए लोगों ने दुर्घटना स्थल के पास जमा होकर सड़क को जाम कर दिया। लोगों ने अपनी नाराजगी जताते हुए रोष प्रदर्शन किया। इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार रामनगर, एसडीपीओ रामनगर भीष्म दूबे एसएचओ रामनगर कुलबीर चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की मांगों व समस्याओं को सुना, जिसमें लोगों ने उनको बताया कि सड़क की हालत बेहद जर्जर है। अनेक बार संबंधित विभाग व प्रशासन को अवगत कराया गया है, मगर आज तक कोई समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में यात्री वाहन धड़ल्ले से ओवरलोडिग करते हुए चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त हुई मेटाडोर को कंडक्टर चला रहा था। इतना नहीं इस मेटाडोर ने पहले भी एक ऐसा एक्सीडेंट किया है। ऐसी मेटाडोर का परमिट रद किया जाना चाहिए और अपनी मेटाडोर कंडक्टर को चलाने के लिए देने वाले चालक का लाइसेंस भी रद होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क की दुर्दशा की वजह से भी हादसे होते हैं, इसलिए इसे जल्द ठीक करना चाहिए।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों की मांगों व समस्याओं को सुनने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा मेटाडोर का परमिट और चालक का लाइसेंस रद करने की सिफारिश करने और सड़क की दशा को सुधारने के लिए संबंधित विभाग से बात कर समस्या को शीघ्र हल कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और अपना आंदोलन समाप्त किया।

chat bot
आपका साथी