Jammu: धनतेरस को लेकर बर्तनों की दुकानों में उमड़ रही भीड़
इस बार बर्तनों के दामों में भी कोई इजाफा नहीं हुआ है। लोग धनतेरस पर अपने घरों में बर्तन आभूषण व अन्य सामान खरीदने को शुभ मानते हैं।
ऊधमपुर, संवाद सहयोगी। धनतेरस को लेकर शहर का बाजार सज गया है। बर्तनों व स्वर्णकारों की दुकानों में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। करवाचौथ व्रत से ही शहर के बाजारो में रौनक देखने को मिल रही है। बुधवार को शहर के रामनगर चौक में स्थित बर्तनों की दुकानों में काफी मात्रा में लोग बर्तनों की खरीदारी करते नजर आए। जिसके चलते बर्तनों की दुकान करने वाले दुकानदारों के चेहरे भी खिले दिखे।
एक दुकानदार ने बताया कि इस बार धनतेरस में कई प्रकार के डिजाइनों के बर्तन आए हैं, जिसे ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार बर्तनों के दामों में भी कोई इजाफा नहीं हुआ है। लोग धनतेरस पर अपने घरों में बर्तन, आभूषण व अन्य सामान खरीदने को शुभ मानते हैं। जिसके चलते शहर में भीड़ देखने को मिल रही है। धनतेरस के बाद दीपावली का पर्व है, जिस पर भी लोग काफी खरीदारी करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार खासतौर पर कई तरह के डिजाइनों में आए बर्तन ग्राहकों की पहली पसंद बन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से काफी लोग बर्तनों की खरीदारी करने आ चुके हैं। इसके साथ ही उन्हें धनतेरस पर भी लोगों की बर्तनों को खरीदने के लिए आने की उम्मीद है। बर्तन की दुकानों पर आने वाले लोग चाहे एक बर्तन ही खरीदें, लेकिन वे दुकान से बर्तन खरीदे बिना नहीं जा रहे हैं। धनतेरस पर बर्तन का व्यापार करने वाले दुकानदारों का व्यापार अच्छा हो रहा है।